वीरभद्र समर्थक हरीश जनारथा की कांग्रेस में हुई वापसी

Wednesday, Apr 17, 2019 - 04:42 PM (IST)

 

शिमला (राक्टा): पूर्व मुख्यमंंत्री वीरभद्र सिंह के समर्थक माने जाने वाले हरीश जनारथा की कांग्रेस में वापसी हो गई है। कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष कुलदीप सिंह राठौर ने उनके निष्कासन को बहाल कर दिया है। पूर्व सी.एम. वीरभद्र सिंह भी लगातार जनारथा की वापसी की वकालत कर रहे थे। इसके साथ ही जनारथा समर्थक भी उनकी वापसी को लेकर दवाब बना रहे थे, जो अंतत काम आया। बीते विधानसभा चुनाव में जनारथा ने शिमला शहरी सीट से कांग्रेस के अधिकृत प्रत्याशी के खिलाफ चुनाव लड़ा था। ऐसे में पार्टी ने उन्हें संगठन से निष्कासित कर दिया था लेकिन लोकसभा चुनाव के साथ ही उनकी वापसी को लेकर लगातार पार्टी नेताओं पर दवाब बनाया जा रहा था। इसी कड़ी में पार्टी ने उनके निष्कासन को बहाल कर दिया है। 

पार्टी अध्यक्ष ने उम्मीद जताई कि जनारथा लोकसभा चुनाव में कड़ी मेहनत और लग्न के साथ पार्टी में अपनी सेवाएं देंगे। हरीश जनारथा की वापसी को लेकर पार्टी हाईकमान ने प्रदेश अध्यक्ष को अधिकृत किया था। जनारथा ने बीते विस चुनाव में 10 हजार से ज्यादा मत हासिल किए थे। शिमला में जनारथा ने ही निर्दलीय प्रत्याशी के तौर पर भाजपा को टक्कर दी थी जबकि कांग्रेस प्रत्याशी को जमानत बचाने में भी सफलता नहीं मिल सकी थी। जनारथा की वापसी को लेकर शिमला लोकसभा युवा कांग्रेस ने भी एक प्रस्ताव पारित कर पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी को भी भेजा था।

बाबा हरदीप सिंह की वापसी पर पेंच

वीरभद्र समर्थक बावा हरदीप सिंह की वापसी पर अभी भी पेंच फंसा हुआ है। संगठन में उनकी वापसी को लेकर कुछ नेताओं में सहमति नहीं बन पा रहीं है। यहीं कारण है कि उनकी बहाली जनारथा के साथ नहीं हो सकी है। बावा हरदीप ने भी बीते विस चुनाव में कांग्रेस के अधिकृत प्रत्याशी के खिलाफ चुनाव लड़ा था।

Ekta