वीरभद्र-सुक्खू के बीच जारी जुबानी जंग, पार्टी हाईकमान ने तलब की रिपोर्ट

Wednesday, Jan 16, 2019 - 11:26 AM (IST)

शिमला (राक्टा): पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह व पूर्व कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू के बीच जारी जुबानी जंग का पार्टी हाईकमान ने कड़ा संज्ञान लिया है। इसे लेकर कांग्रेस हाईकमान ने प्रदेश कांग्रेस से रिपोर्ट तलब की है। कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष कुलदीप सिंह राठौर ने रिपोर्ट मांगे जाने की पुष्टि की है। राठौर के अनुसार पिछले 2-3 दिन से परस्पर विरोधी नेताओं के बयानों का कांग्रेस आलाकमान ने कड़ा संज्ञान लिया है। नवनियुक्त प्रदेशाध्यक्ष के अनुसार इसी कड़ी में बीते दिन उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह से मुलाकात की और आग्रह किया कि वह सकारात्मक रूप से अपना आशीर्वाद कांग्रेस पार्टी को दें। 

राठौर के अनुसार इसके साथ ही नेता प्रतिपक्ष मुकेश अग्निहोत्री और पूर्व कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू से भी इस बाबत मुलाकात की है। उन्होंने स्पष्ट किया है कि संगठन में गलत बयानबाजी बिल्कुल बर्दाश्त नहीं होगी तथा लक्ष्मण रेखा लांघने वालों के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई करने से गुरेज नहीं किया जाएगा। कुलदीप राठौर ने कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं से आह्वान किया है कि वे इस तरह के मसलों को पार्टी मंच पर उठाएं और मीडिया में जाने से गुरेज करें। उन्होंने कहा कि संगठन की मजबूती के लिए आवश्यक है कि एक-दूसरे के खिलाफ बयानबाजी से बचें।

उधर सुक्खू के पक्ष में बोले 4 पूर्व प्रदेशाध्यक्ष

कांग्रेस में जारी घमासान थमने की बजाय बढ़ता ही जा रहा है। इसी कड़ी में पूर्व पार्टी प्रदेशाध्यक्ष ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू का समर्थन करते हुए पूर्व प्रदेशाध्यक्ष विद्या स्टोक्स, विप्लव ठाकुर, कौल सिंह, कुलदीप कुमार, पूर्व सांसद चौधरी चंद्र कुमार, विधायक राम लाल ठाकुर,हर्षवर्धन चौहान, अनिरुद्ध सिंह, लखविंद्र राणा, सुंदर ठाकुर, सतपाल रायजादा, ए.आई.सी.सी. सचिव राजेश धर्माणी, राकेश कालिया, पूर्व सी.पी.एस. सोहन लाल, पूर्व विधायक अजय महाजन, किशोरी लाल, रवि ठाकुर और पूर्व युकां अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया ने कहा है कि सूक्खू को हटाया नहीं गया बल्कि वह 4 माह पहले ही राष्ट्रीय अध्यक्ष को अपने इस्तीफे की पेशकश कर चुके थे। 

पार्टी के चारों पूर्व प्रदेशाध्यक्षों ने संगठन से जुड़े हर नेता व कार्यकर्ता को संयम बरतने के साथ ही कोई भी बयान सोच-समझ कर देने की सलाह दी है। मंडी जिला कांग्रेस अध्यक्ष दीपक शर्मा ने कहा कि वीरभद्र सिंह की टिप्पणियां संगठन के लिए नुक्सानदायक हैं। उधर, हमीरपुर जिला कांग्रेस कमेटी ने इसकी शिकायत सीधे राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी व हिमाचल प्रभारी रजनी पाटिल से करने का फैसला लिया है। कांग्रेस अनुसूचित जाति विभाग के राष्ट्रीय को-ऑर्डीनेटर सुरेश कुमार ने भी कहा है कि वीरभद्र सिंह को ऐसी बातें शोभा नहीं देतीं। वहीं जिला ऊना के कार्यकारी अध्यक्ष विवेक शर्मा विक्कू ने भी वीरभद्र की कार्यकर्ताओं को लेकर टिप्पणी की निंदा की है।

Ekta