प्रदेश में तीन दिन का राजकीय शोक, रामपुर में होगा वीरभद्र सिंह का अंतिम संस्कार

Thursday, Jul 08, 2021 - 11:23 AM (IST)

शिमला : हिमाचल प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह का लंबी बीमारी के बाद 87 साल की उम्र में गुरुवार तड़के निधन हो गया। सोमवार को उन्हें दिल का दौरा पड़ा था, जिसके बाद से वे वेंटीलेटर पर थे। इसके पूर्व वे दो बार कोरोना संक्रमित हुए थे और दोनों ही बार वे स्वस्थ्य हो गए थे। गुरुवार को उनका पार्थिव शरीर उनके निज आवास शिमला के हॉलीलॉज लाया गया है। यहां पर उनके पार्थिव शरीर को अंतिम दर्शनों के लिए रखा गया है। शनिवार को वीरभद्र सिंह का अंतिम संस्कार उनके पैतक शहर रामपुर बुशहर में होगा।

हिमाचल में 8 जुलाई से 10 जुलाई तक राजकीय शोक रहेगा। इस दौरान किसी भी तरह के कोई सरकारी आयोजन नहीं होंगे। शुक्रवार को शिमला के रिज मैदान के अलावा, सुबह 9 बजे से 12 बजे तक कांग्रेस कार्यालय में अंतिम दर्शन के लिए उनका शरीर रखा जाएगा। बाद में उनके पैतृक आवास रामपुर बुशहर के लिए ले जाएगा। वीरभद्र सिंह के अंतिम दर्शन के लिए हॉलीलॉज में लोगों का लगा जमावड़ा लग गया है। उनके चाहने वालों ने कहा-हिमाचल को बहुत बड़ा सदमा लगा है और राजनीति का सूरज अस्त हो गया है।

सीएम, प्रियंका गांधी सहित कई नेताओं ने जताया दुखा

सीएम जयराम समेत देशभर के तमाम नेताओं ने उनके निधन पर दुख जताया है। सीएम जयराम ने लिखा कि देवभूमि हिमाचल के 6 बार मुख्यमंत्री रहे हिमाचल के वरिष्ठ नेता आदरणीय वीरभद्र सिंह जी के निधन का समाचार हम सबके लिए बेहद दुःख देने वाला है। हिमाचल के लिए यह एक अपूर्णीय क्षति है, जिसकी भरपाई कभी नहीं होगी। हिमाचल प्रदेश के विकास के लिए उनका योगदान अनुकरणीय है, जिसे कभी भुलाया नहीं जाएगा। श्री वीरभद्र सिंह जी का मजबूत मनोबल, दृढ़ संकल्प और उत्कृष्ट कार्य हम सबके लिए सदैव प्रेरणादायक रहेगा. भगवान उनकी पुण्य आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें तथा शोकग्रस्त परिवार एवं प्रशंसकों को इस कठिन समय में संबल प्रदान करें.इसके अलावा, कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी, हरियाणा के पूर्व सीएम भूपेंद्र सिंह हुड्डा, हिमाचल कांग्रेस के अध्यक्ष कुलदीप सिंह राठौर सहित तमाम नेताओं ने वीरभद्र सिंह के निधन को अपूर्णीय क्षति बताया।
 

Content Writer

prashant sharma