वीरभद्र सिंह से मिलने हॉली लॉज पहुंचे राठौर, इस मामले पर किया मंथन

Sunday, Jul 14, 2019 - 09:34 AM (IST)

शिमला (राक्टा): कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष कुलदीप सिंह राठौर ने शनिवार को पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह से उनके निजी आवास हॉली लॉज में मुलाकात की। इस दौरान जहां राठौर ने वीरभद्र सिंह के स्वास्थ्य का कुशलक्षेम पूछा, वहीं संगठन में फेरबदल तथा प्रदेश के दो विधानसभा क्षेत्रों में होने वाले उपचुनाव को लेकर भी मंथन किया। साथ ही प्रदेश के ताजा राजनीतिक घटनाक्रम तथा पार्टी को मजबूत करने के लिए भी दोनों नेताओं के बीच चर्चा हुई।

उल्लेखनीय है कि वीरभद्र सिंह पिछले दिनों अस्वस्थ होने के कारण चंडीगढ़ पी.जी.आई. में दाखिल थे। लोकसभा चुनाव में मिली करारी हार के बाद प्रदेश कांग्रेस में जल्द ही फेरबदल होना है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष बनने के बाद राठौर ने भी संगठन में अभी तक कोई बड़ा बदलाव नहीं किया है। ऐसे में जल्द ही संगठन में फेरबदल हो सकता है। इसे देखते हुए दोनों नेताओं के बीच संगठन के नए प्रारूप को लेकर मंथन हुआ। 

युवा चेहरों को तरजीह

कांग्रेस में युवा चेहरों को संगठन में आगे लाए जाने की तैयारियां चल रही हैं। पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह भी युवा चेहरों को संगठन में आगे लाने की वकालत पहले ही कर चुके हैं। इसके साथ ही राठौर भी हाल ही में पार्टी के अग्रणी छात्र संगठन एन.एस.यू.आई. और युवा कांग्रेस के पदाधिकारियों से बैठक कर चुके हैं।
 

Ekta