वीरभद्र सिंह की बेटी अभिलाषा बनी लोकपाल की सदस्य, दिल्ली में ली शपथ

Thursday, Mar 28, 2019 - 10:14 AM (IST)

शिमला (ब्यूरो): पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह की बेटी एवं मणिपुर उच्च न्यायालय की पूर्व मुख्य न्यायाधीश अभिलाषा कुमारी ने देश के लोकपाल के सदस्य के रूप में कार्यभार संभाल लिया है। उनके पदभार संभालने के अवसर पर पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह और उनकी पत्नी प्रतिभा सिंह सहित अन्य गण्यमान्य व्यक्ति मौजूद थे। लोकपाल के सदस्य बनने पर हिमाचल प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कुलदीप सिंह राठौर, महासचिव रजनीश किमटा, राजनीतिक सचिव हरि कृष्ण हिमराल, मीडिया पैनलिस्ट यशपाल तनाइक और सचिव मीडिया बलदेव ठाकुर सहित अन्य नेताओं ने जस्टिस अभिलाषा कुमारी को शुभकामनाएं दी हैं। उनका कहना है कि यह प्रदेश के लिए बड़े गौरव की बात है कि प्रदेश की बेटी ऐसे पद पर पहुंची है। 

बता दें कि अभिलाषा कुमारी ने 26 मार्च 1984 को एक वकील के रूप में अपने करियर की शुरुआत की। पूर्व सीएम की बेटी अभिलाषा 1995 से 2002 तक अतिरिक्त केंद्र सरकार की स्थायी वकील रहीं और मार्च 2003 से दिसंबर 2005 तक हिमाचल प्रदेश की अतिरिक्त महाधिवक्ता भी रहीं। वे 9 जनवरी 2006 से 7 फरवरी 2018 तक गुजरात हाईकोर्ट की जज रही। इसके बाद वे 9 से 22 फरवरी 2018 तक केवल 13 दिनों के लिए मणिपुर उच्च न्यायालय की पहली महिला मुख्य न्यायाधीश बनीं जिसके बाद वे रिटायर हो गई।

Ekta