देश की विकास दर में भारी गिरावट पर जानिए क्या बोले वीरभद्र सिंह

Saturday, Dec 07, 2019 - 05:33 PM (IST)

शिमला (योगराज): कांग्रेस के वरिष्ठ नेता पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने देश की अर्थव्यवस्था पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा है कि देश की विकास दर में भारी गिरावट से साफ है कि देश इस समय गंभीर हालत में है। एक तरफ बढ़ती बेरोजगारी दूसरी तरफ बढ़ती महंगाई से साफ है कि केंद्र की भाजपा नेतृत्व एनडीए सरकार देश की समस्याओं को नही समझ पा रही है,या फिर वह जानबूझकर कर इसे अनदेखा कर रही है। उन्होंने कहा है कि देश मे आज जो हालत बन रहे है वह अच्छे नही है। उन्होंने कहा है कि ऐसा भी लग रहा है कि अभिव्यक्ति की आजादी पर भी भारी दबाव है।देश के उद्योगपति भी विगड़ती अर्थव्यवस्था का विरोध नही कर पा रहे है।

यही कारण है कि बड़े बड़े उद्योगों ने एक तरफ अपने उत्पादन में भारी कमी कर दी है दूसरी तरफ उन्होंने बड़े स्तर पर कर्मचारियों की छठनी भी कर दी है। यह सब देश के लिए कोई शुभ संकेत नहीं है। उन्होंने कहा है कि देश मे महिलाओं पर बढ़ रहे अत्याचार, बलात्कार जैसी घटनाओं से वह भी चिंतित हैं।अब समय आ गया है कि ऐसे मामलों से निपटने के लिए कठोर कानून और त्वारित न्याय किया जाये। हाल ही में हैदराबाद हो या उत्तरप्रदेश की घटना।इन दोनों घटनाओं ने देश मे फिर निर्भया बेटी के दर्दनाक जख्म ताजा कर दिए है। उन्होंने कांग्रेसजनों से कहा है कि उन्हें एकजुट होकर देश की विगड़ती स्थिति पर मंथन करते हुए लोगों को भाजपा की जनविरोधी नीतियों से अवगत करवाना चाहिए।

उन्होंने कहा कि 14 दिसम्बर को सोनिया गांधी के नेतृत्व में नई दिल्ली में प्रस्तावित अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी की भारत बचाओ रैली को सफल बनाने के लिए सभी को अपना पूरा सहयोग देना चाहिए। उन्होंने कहा है कि देश को कांग्रेस पर ही भरोसा है कि वही देश मे अच्छे दिन लाने का अनुभव रखती है। उन्होंने कांग्रेस के विधायकों व कार्यकर्ताओं से कहा है कि वह प्रदेश में पार्टी की मजबूती के लिए एकजुट हो जाए। उन्होंने कहा है कि पिछले दिनों प्रदेश कांग्रेस कमेटी द्वारा केंद्र की जन विरोधी नीतियों के खिलाफ जिलाबार किए गए आंदोलन से कांग्रेस को मजबूती मिली है। उन्होंने कांग्रेस अध्यक्ष कुलदीप सिंह राठौर से कहा है कि प्रदेश में नई कार्यकारिणी में कर्मठ और उन युबा कार्यकर्ताओं को शामिल किया जाए जो पार्टी की मजबूती के लिए दिल से काम करने के इच्छुक हैं।

 

kirti