तस्वीरें कुछ कहती हैं: जब गले मिले वीरभद्र और सुखराम तो अग्निहोत्री बन गए कैमरामैन

Friday, Mar 29, 2019 - 02:11 PM (IST)

शिमला/मंडी (नीरज/योगराज): हिमाचल प्रदेश की राजनीति में बड़ी हलचल हुई है। राजनीति के दो धुरंधर लंबे समय बाद एक दूसरे को गले लगकर मिले। हम बात कर रहे हैं पूर्व सीएम वीरभद्र सिंह और पूर्व केंद्रीय मंत्री पंडित सुखराम की। दोनों ने शुक्रवार को दिल्ली में मुलाकात की। विपक्ष मुकेश अग्निहोत्री इस दौरान कैमरामैन बने नजर आए। उन्होंने दोनों दिग्गजों के मिलन की तस्वीरों को अपने कैमरे में कैद किया। 


बता दें कि सुखराम अभी हाल ही में कांग्रेस पार्टी में दोबारा शामिल हुए हैं और इनके पोते आश्रय शर्मा को मंडी सीट से कांग्रेस प्रत्याशी के तौर पर मैदान में उतारा जा रहा है। चुनावों से पहले दोनों धुरंधरों के बीच की इस मुलाकात को काफी अहम माना जा रहा है।


वीरभद्र सिंह और पंडित सुखराम की इस मुलाकात से प्रदेश के सियासी माहौल में एक नई हलचल पैदा हो गई है। बताया जा रहा है कि दोनों ने लोकसभा चुनावों को लेकर चर्चा की और यह निर्णय लिया कि चुनावों में पूरी एकजुटता के साथ काम करते हुए पार्टी प्रत्याशियों के पक्ष में काम किया जाएगा और जीत सुनिश्चित की जाएगी।


बता दें कि दोनों के फिर से एक होने से विपक्षी दल भाजपा को काफी तगड़ा झटका लगा है और इससे भाजपा की मुश्किलें भी बढ़ सकती हैं जबकि कांग्रेस के उन कार्यकर्ताओं का मनोबल भी बढ़ेगा जो इन दोनों धुरंधरों के साथ जुड़े हुए हैं।

Ekta