वीरभद्र सिंह DA Case : ट्रायल कोर्ट के आदेश को दिल्ली HC में चुनौती

Wednesday, Jan 23, 2019 - 06:53 PM (IST)

शिमला: आय से अधिक संपत्ति मामले में हिमाचल प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह और उनकी पत्नी प्रतिभा सिंह ने दिल्ली हाईकोर्ट में याचिका दायर कर ट्रायल कोर्ट द्वारा आरोप तय करने के फैसले को चुनौती दी है। हालांकि अब तक इस मामले में आरोप तय नहीं किए गए हैं और 29 जनवरी को पटियाला हाऊस कोर्ट में आरोप तय किए जाने को लेकर पेशी होनी है। इससे पहले आय से अधिक संपत्ति मामले में वीरभद्र सिंह मंगलवार को दिल्ली पटियाला हाऊस कोर्ट में पेश नहीं हुए। उनके वकील ने कोर्ट में दलील दी कि तबीयत ठीक न होने की वजह से वीरभद्र सिंह कोर्ट में पेश नहीं हो पाए। वह पेशी के लिए दिल्ली आ गए थे लेकिन इन्फैक्शन होने के चलते अस्पताल में हैं। कोर्ट ने इस दलील पर मामले की सुनवाई 29 जनवरी तक के लिए टाल दी है। बता दें कि पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह की पत्नी प्रतिभा सिंह समेत 8 आरोपियों को कोर्ट में पेश होना था।

सी.बी.आई. और ई.डी. कर रहीं मामले की जांच

विदित रहे कि सी.बी.आई. और ई.डी. दोनों इस मामले में जांच कर रही हैं और अब 29 जनवरी को अगली सुनवाई होगी। 29 जनवरी को ही इस मामले में आरोप तय किए जाएंगे। गौरतलब है कि वीरभद्र सिंह व उनके परिवार के सदस्यों के खिलाफ 2009 व 2011 के बीच उनकी आय से अधिक 6.1 करोड़ रुपए की अधिक संपत्ति जुटाने के आरोप हैं। इस दौरान वीरभद्र सिंह यू.पी.ए. की केंद्र सरकार में केंद्रीय इस्पात मंत्री थे।

Vijay