चुनाव के परिणाम के बाद वीरभद्र ने सुक्खू पर फोड़ा ठीकरा, राठौर का किया बचाव

Friday, May 24, 2019 - 11:12 AM (IST)

शिमला (राक्टा): पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने लोकसभा चुनाव के परिणाम को चौंकाने वाला बताया। साथ ही उन्होंने हिमाचल में कांग्रेस को मिली करारी हार का ठीकरा पूर्व कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू पर फोड़ा और वर्तमान प्रदेशाध्यक्ष कुलदीप सिंह राठौर का बचाव किया। वीरभद्र सिंह ने अपने निजी आवास होलीलॉज में मीडिया से अनौपचारिक बातचीत में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को चुनावी जीत के लिए बधाई दी और उम्मीद जताई कि मोदी बदले की भावना से काम नहीं करके देश का समान रूप से विकास करेंगे। 

वीरभद्र सिंह ने कहा कि उन्हें अंदाजा नहीं था कि कांग्रेस हिमाचल में इतने भारी मतों से हारेगी। एक सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि पूर्व प्रदेशाध्यक्ष से उनका कोई व्यक्तिगत मतभेद नहीं है, लेकिन प्रदेश कांग्रेस में पिछले काफी अरसे से सब कुछ ठीक नहीं चल रहा था। पूर्व प्रदेश अध्यक्ष हमेशा सवालों के घेरे में रहे और उनके शासन में संगठन को नुक्सान हुआ है। 6 साल में संगठन में न तो कोई नयापन आया और न ही नए पदाधिकारी सामने आए। यदि समय रहते सुक्खू को हटा लिया जाता और सही लोग पार्टी में लाए जाते तो इस तरह की हार नहीं होती।

उन्होंने कहा कि पूर्व में संगठन को इतना नुक्सान पहुंचा कि पार्टी की नींव ही हिल कर रह गई। वीरभद्र सिंह ने कहा कि वर्तमान प्रदेश अध्यक्ष और पदाधिकारियों ने पार्टी की जीत के लिए बहुत प्रयास किया, लेकिन उनको ज्यादा समय नहीं मिल पाया। वीरभद्र सिंह ने कहा कि मंडी में जिस प्रकार से टिकट दिया, उसके लिए हमने सिफारिश नहीं की थी। वीरभद्र सिंह ने कहा कि उनकी नजर में ई.वी.एम. हमेशा ही शक के दायरे में रही है। दुनिया ने इसे रिजैक्ट किया है। अमरीका ने एक बार इसे अपनाया था, लेकिन चुनावों के बीच में ही इसे हटा दिया। मशीन को मैनिपुलेट किया जा सकता है।

 

Ekta