वीरभद्र ने कांग्रेस में बिखराव को स्वीकारा: सुरेश भारद्वाज

Tuesday, May 14, 2019 - 10:25 AM (IST)

शिमला (ब्यूरो): शिक्षा मंत्री सुरेश भारद्वाज ने कहा है कि पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह यह सच स्वीकार कर चुके हैं कि कांग्रेस पार्टी में बिखराव है। इसी कारण पूर्व मुख्यमंत्री कांग्रेसियों से सभी मतभेद भूलकर एकजुट होने की अपील कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के नेता सार्वजनिक मंचों पर एक-दूसरे को कोसने के बावजूद यह कहते नहीं थक रहे हैं कि पार्टी में कोई मतभेद नहीं है। सुरेश भारद्वाज ने यहां जारी बयान में कहा कि कांग्रेस पार्टी हिमाचल प्रदेश में ही नहीं, देश में भी अपने समय के सबसे बड़े संकट के दौर से गुजर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस के पास न तो कोई विजन है और न ही सशक्त नेतृत्व। उन्होंने आरोप लगाया कि बुजुर्ग नेता वीरभद्र सिंह की कांग्रेस में पैठ खत्म हो चुकी है।

उन्होंने कहा कि वीरभद्र सिंह का यह कहना सब कुछ स्पष्ट कर रहा है कि कांग्रेसी नाराज होकर घर बैठ गए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस का एक गुट लगातार वीरभद्र सिंह समर्थकों को ठिकाने लगाने में व्यस्त रहा है और राज्यसभा सांसद आनंद शर्मा का धड़ा पूर्व मुख्यमंत्री की वरिष्ठता का मजाक उड़ाता है। उन्होंने कहा कि प्रदेश कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष सुक्खू ने सार्वजनिक तौर पर वीरभद्र सिंह के खिलाफ  बयान दिए। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश कांग्रेस 23 मई के बाद पूरी तरह बिखर जाएगी। उन्होंने दावा किया कि वर्तमान चुनाव राहुल गांधी के भविष्य पर भी प्रश्नचिह्न लगा देगा और कांग्रेस इस बार 40 सीटों से भी कम पर सिमट जाएगी।

Ekta