प्यार के लिए लांघी सारी सीमाएं! चंबा के विनय ने फिलीपींस की मारिया संग रचाई शादी

punjabkesari.in Friday, Nov 07, 2025 - 10:59 AM (IST)

हिमाचल डेस्क। कहते हैं, सच्चे प्रेम की कोई भाषा नहीं होती, और ना ही कोई सीमा होती है। हिमाचल प्रदेश के चंबा जिले के सिमनी गांव निवासी विनय ठाकुर ने इस बात को सच साबित कर दिखाया है। उन्होंने अपनी जीवनसंगिनी के रूप में सात समंदर पार फिलीपींस की रहने वाली मारिया को चुना है।

हाल ही में, इस खूबसूरत जोड़े ने पठानकोट के एक होटल में हिंदू रीति-रिवाजों के अनुसार विवाह रचाया। यह समारोह सिर्फ दो लोगों का मिलन नहीं, बल्कि दो संस्कृतियों का अद्भुत संगम बन गया।

शादी के साक्षी बनने के लिए दुल्हन मारिया का पूरा परिवार – उनके माता-पिता, भाई और बहन – विशेष रूप से फिलीपींस से पठानकोट पहुंचे। उन्होंने भारतीय विवाह की परंपराओं को नज़दीक से देखा और उसका हिस्सा बने। मेहंदी और हल्दी की रस्मों ने विदेशी मेहमानों को खासा रोमांचित किया। विवाह के दौरान जब पंडित जी ने मारिया को सात वचन अंग्रेजी में समझाए, तो यह पल दोनों परिवारों के लिए अविस्मरणीय बन गया।

पश्चिम अफ्रीका में पनपा प्यार

विनय ने बताया कि उनकी मुलाकात मारिया से लगभग तीन साल पहले पश्चिम अफ्रीका में हुई थी। इत्तफ़ाक से, दोनों एक ही कंपनी में सिविल इंजीनियर के पद पर कार्यरत थे। साथ काम करते-करते उनकी दोस्ती गहरी हुई और जल्द ही यह संबंध अटूट प्रेम में बदल गया।

मुस्कुराते हुए मारिया ने बताया कि प्रपोज पहले विनय ने ही किया था। वह अपने जीवनसाथी की तारीफ करते नहीं थकतीं। मारिया के अनुसार, विनय बेहद सौम्य स्वभाव के हैं और महिलाओं का सम्मान करना बखूबी जानते हैं।

अंत में प्रेम की हुई जीत

शुरुआत में परिवारों को सहमत करने में कुछ मुश्किलें ज़रूर आईं, लेकिन विनय और मारिया के अटूट प्रेम और विश्वास के आगे सब झुक गए। आखिरकार, प्रेम की जीत हुई और यह अंतरराष्ट्रीय जोड़ा हमेशा के लिए एक-दूजे का हो गया।

विनय वर्तमान में जॉर्जिया में कार्यरत हैं, जबकि मारिया अभी भी अफ्रीका में अपनी इंजीनियरिंग की नौकरी कर रही हैं। दूरियां चाहे जो भी हों, इस प्रेम कहानी ने सिद्ध कर दिया है कि दिल के रिश्ते किसी पासपोर्ट या सरहद के मोहताज नहीं होते।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Jyoti M