चंबा में रिहायशी मकान में लगी भीषण आग...मचा हड़कंप; 10 लाख का सामान जलकर राख

punjabkesari.in Tuesday, Feb 10, 2026 - 12:36 PM (IST)

Chamba News: चंबा जिले की मैहला पंचायत के चौंरी गांव में सोमवार को एक रिहायशी मकान में आग लगने से भारी नुकसान हुआ। पवन कुमार (पुत्र अवतारो) के घर में दोपहर के वक्त अचानक भड़की आग ने एक कमरे और रसोई को पूरी तरह अपनी चपेट में ले लिया। इस हादसे में घर के भीतर रखा फर्नीचर, कीमती जेवर और अन्य घरेलू सामान जलकर राख हो गया है। प्रारंभिक अनुमान के अनुसार इस हादसे में करीब दस लाख रुपये की क्षति हुई है।

ग्रामीणों की मुस्तैदी से टला बड़ा हादसा

घटना सोमवार दोपहर करीब 1:00 बजे की है। कमरे से आग की लपटें उठती देख परिवार में चीख-पुकार मच गई। शोर सुनकर ग्रामीण तुरंत मौके पर जमा हुए और बिना समय गंवाए राहत कार्य शुरू किया। ग्रामीणों ने पानी की पाइपों और बाल्टियों की मदद से कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। ग्रामीणों की इस त्वरित प्रतिक्रिया के चलते आग को घर के बाकी हिस्सों में फैलने से रोक लिया गया, जिससे करोड़ों का रिहायशी ढांचा सुरक्षित बच सका। हालांकि आग लगने के पुख्ता कारणों का खुलासा नहीं हुआ है, लेकिन शुरुआती तौर पर शॉर्ट सर्किट को इसकी वजह माना जा रहा है।

सरकारी कार्रवाई: पंचायत प्रधान राधा देवी ने तुरंत राजस्व विभाग (पटवारी) को इसकी सूचना दी। विभाग द्वारा मौके पर पहुंचकर नुकसान की रिपोर्ट तैयार की जा रही है। गहनों और अन्य नष्ट हुए सामान की सूची प्रशासन को भेजी जाएगी। पंचायत प्रधान ने जिला प्रशासन से प्रभावित परिवार को फौरी राहत और आर्थिक सहायता देने की मांग की है ताकि वे दोबारा अपना आशियाना बना सकें।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Swati Sharma

Related News