विक्रमादित्य ने भाजपा पर साधा निशाना, बोले-CM वीरभद्र के नेतृत्व में रिपीट होगी कांग्रेस

Monday, Nov 20, 2017 - 12:16 AM (IST)

शिमला: युवा कांग्रेस के प्रदेशाध्यक्ष एवं शिमला ग्रामीण विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस प्रत्याशी विक्रमादित्य सिंह ने रविवार को बैठक का आयोजन किया। बैठक में शिमला ग्रामीण विस क्षेत्र के पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद रहे। बैठक के माध्यम से विक्रमादित्य सिंह ने कार्यकर्ताओं से चुनावी फीडबैक भी लिया। मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह की मौजूदगी में हुई उक्त बैठक में पोलिंग बूथ के कार्यकर्ताओं ने अपना-अपना फीडबैक दिया। इसके तहत कार्यकर्ताओं ने अवगत करवाया कि किस-किस बूथ में कितनी-कितनी लीड मिलने की संभावना है। इसके अलावा अन्य वरिष्ठ नेताओं ने भी अपने-अपने क्षेत्रों का फीडबैक दिया। इस दौरान कार्यकत्र्ताओं ने खुलकर अपनी बात रखी। 

भाजपा ने निम्न स्तर की राजनीति कर फैलाय झूठ
बैठक में पोलिंग बूथ अध्यक्षों ने यह भी कहा कि कुछ स्थानों पर भाजपा द्वारा कई तरह का दुष्प्रचार भी किया गया। इसके तहत भाजपा ने निम्न स्तर की राजनीति कर झूठ फैलाने का प्रयास किया। इस झूठ के झांसे में भी कुछ लोग आए हैं लेकिन जब पार्टी कार्यकर्ताओं ने असलियत बताई तो कई लोगों की आंखें खुली। कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाए कि भाजपा द्वारा व्यापक रणनीति से दुष्प्रचार किया गया लेकिन समय रहते उनके दुष्प्रचार को बेनकाब कर दिया गया। सोशल मीडिया पर वायरल हुए एक  मामले का भी हवाला इस दौरान कार्यकर्ताओं ने दिया। कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में पिछले 5 वर्षों में शिमला ग्रामीण विस क्षेत्र में अथाह विकास हुआ है। उन्होंने कहा कि जितना विकास आगामी 10 से 15 साल में नहीं हो सकता था, उसे सी.एम. ने 5 साल में कर दिखाया।

कांग्रेस की झोली में आएंगी अधिक से अधिक सीटें
विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि 18 दिसम्बर को जब परिणाम निकलेगा तो अधिक से अधिक सीटें कांग्रेस की झोली में आएंगी और फिर से मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह के नेतृत्व में कांग्रेस की सरकार बनेगी। ओकओवर में आयोजित हुई बैठक में शिमला ग्रामीण के पदाधिकारियों व कार्यकत्र्ताओं ने बड़ी संख्या में अपनी मौजूदगी दिखाई। बैठक में पूर्व विधायक चिरंजी लाल कश्यप, पी.सी.सी. सचिव प्रदीप वर्मा, ब्लाक कांग्रेस अध्यक्ष चंद्रशेखर, युवा कांग्रेस, ब्लाक व जोन पदाधिकारी सहित अन्य पदाधिकारी व कार्यकत्र्ता मौजूद रहे।

भाजपा का सपना रह जाएगा सपना
उन्होंने कहा कि यह चुनाव हर उस व्यक्ति का था जो विकास में विश्वास रखता था। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में क्षेत्र में विकास को और गति दी जाएगी। उन्होंने जोन स्तर की कमेटियों के अच्छे काम की सराहना की। उन्होंने कहा कि ई.वी.एम खुलने पर दूध का दूध और पानी का पानी हो जाएगा और भाजपा के सपने धरे के धरे रहे जाएंगे। उहोंने दावा किया कि राज्य में कांग्रेस की सरकार बनने जा रही है और वीरभद्र सिंह 7वीं बार सी.एम.बनेंगे।

कार्यकर्ताओं की मेहनत लाएगी रंग : सोहन लाल
बैठक में पूर्व विधायक सोहन लाल ठाकुर ने कहा कि शिमला ग्रामीण से कांग्रेस प्रत्याशी विक्रमादित्य सिंह की जीत तय है। उन्होंने कहा कि शिमला ग्रामीण के पार्टी कार्यकर्ताओं की मेहनत रंग लाएगी और विक्रमादित्य भारी मतों से जीतकर विधानसभा पहुंचेंगे। उन्होंने कहा कि आम कार्यकत्र्ता को महत्व मिलना चाहिए तभी संगठन मजबूत रहेगा।