बिंदल का इस्तीफा राजनीतिक स्टंट और दबाव की राजनीति का एक अंश : विक्रमादित्य सिंह

punjabkesari.in Wednesday, May 27, 2020 - 06:50 PM (IST)

शिमला (योगराज): कांग्रेस विधायक विक्रमादित्य सिंह ने भाजपा प्रदेशाध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल के इस्तीफे को एक राजनीतिक स्टंट और दबाव की राजनीति का एक अंश माना है। उन्होंने कहा है कि स्वास्थ्य विभाग हो या सचिवालय में सैनिटाइजर की खरीद, इस महामारी के दौर में सरकार के संरक्षण में भ्रष्टाचार चरम सीमा में चल रहा है।

उन्होंने कहा कि लगता है कि प्रदेश भाजपा के अंदर मुख्यमंत्री के खिलाफ विद्रोह की चिंगारी सुलग गई है। डॉ. बिंदल का इस्तीफा इसी ओर इंगित भी करता है। चूंकि स्वास्थ्य विभाग मुख्यमंत्री के पास है इसलिए यह एक दबाव की राजनीति के सिवाय कुछ नही है क्योंकि बिंदल भी जानते हैं कि पार्टी उनका कम से कम इस समय इस्तीफा किसी भी सूरत में स्वीकार नहीं करेगी।

उन्होंने कोरोना महामारी के दौरान हो रहे घोटालों पर चिंता व्यक्त करते हुए स्वास्थ्य विभाग और सचिवालय में सैनिटाइजर खरीद की निष्पक्ष जांच करवाने की मांग की है। उन्होंने कहा कि इसकी जांच उच्च न्यायालय के अधीन की जानी चाहिए।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Vijay

Recommended News

Related News