प्रदेश में सत्ता के दम पर लोगों को डराने-धमकाने की कोशिश न करे भाजपा : विक्रमादित्य सिंह

Sunday, Feb 07, 2021 - 04:05 PM (IST)

शिमला (राक्टा): सत्ता के दम पर प्रदेश में भाजपा लोगों को डराने-धमकाने की कोशिश न करे। ऐसे प्रयासों को किसी भी सूरत में सहन नहीं किया जाएगा। कांग्रेस विधायक विक्रमादित्य सिंह ने शिमला में आयोजित पत्रकार वार्ता में उक्त बात कही। उन्होंने मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर से मांग की है कि वह भाजपा नेताओं को अपनी हद में रहने को कहें। विक्रमादित्य सिंह ने आरोप लगाया कि उनके चुनाव क्षेत्र शिमला ग्रामीण में भाजपा गुंडागर्दी पर उतर आई है। विधायक ने भलोह पंचायत के पूर्व प्रधान राजेंद्र ठाकुर के साथ शिमला भाजपा मंडल ग्रामीण अध्यक्ष दिनेश ठाकुर द्वारा गाली-गलौच करने और जान से मारने की खुलेआम धमकी देने की आलोचना करते हुए पूरे मामले की जांच निष्पक्ष तरीके से करने की मांग की है।  

ऑडियो भी पुलिस को उपलब्ध करवाई गई

विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि उन्हें विस क्षेत्र के सभी लोगों की चिंता है और उनकी पूरी सुरक्षा का जिम्मा उनके साथ प्रशासन और सरकार का भी है। विधायक ने कहा कि पूरे मामले को लेकर राजेंद्र ठाकुर द्वारा पुलिस में बीते 3 फरवरी को शिकायत दी गई है, लेकिन अभी तक कोई कार्रवाई नहीं हुई है। पुलिस को धमकी से जुड़ी ऑडियो भी उपलब्ध करवाई गई है।

Content Writer

Vijay