सऊदी अरब में फंसा कांगड़ा का युवक, भाजपा नेता ने Twitter पर सांझा की जानकारी

Tuesday, Aug 20, 2019 - 09:33 PM (IST)

शिमला: सऊदी अरब में काम के सिलसिले में गए कांगड़ा जिला के नगरोटा बगवां के युवक विजय कुमार के फंसने की सूचना है। भाजपा सूचना एवं प्रौद्योगिकी विभाग के पूर्व प्रदेश संयोजक रवि राणा ने ट्विटर के माध्यम से यह जानकारी दी है। उन्होंने कहा है कि इस मामले को भारतीय दूतावास के समक्ष उठाकर जल्द कार्रवाई करने का आग्रह किया गया है। जानकारी के अनुसार विजय कुमार करीब 7 साल से भारत नहीं आ पाया है। वर्ष  2013 में हुए एक हादसे में लोडर से गिरकर एक बंगलादेशी लोडर ऑप्रेटर की मौत हो गई, जिसके बाद सऊदी अरब की पुलिस ने उसे जेल में डाल दिया।

चूंकि यह एक हादसा था, इसलिए करीब 20 दिन बाद उसे जेल से रिहा कर दिया गया। उसके बाद जब 3 साल का वीजा खत्म हुआ तो विजय ने अपनी कंपनी को स्वदेश लौटने की बात कही। इस पर कंपनी ने विजय को 6 माह रुकने को कहा। 6 माह बाद जब उसने कंपनी प्रबंधन को स्वदेश लौटने की बात कही तो कंपनी का कहना था कि उस पर केस चल रहा है, इसलिए वह घर नहीं लौट सकता।

इसके बाद भारतीय दूतावास जाने पर उसे बताया गया कि जब तक बंगलादेश से मृतक का लीगल हायर अथॉरिटी लैटर नहीं आता, वह स्वदेश नहीं जा सकता। इस बीच दूतावास के आलाधिकारी से बातचीत भी हुई लेकिन फिर भी विजय की स्वदेश वापसी अब तक नहीं हो पाई है। भाजपा नेता रवि राणा के अनुसार भारतीय दूतावास विजय कुमार जल्द स्वदेश लाने का प्रयास कर रहा है।

Vijay