परिवारवाद की बात करने वाली भाजपा अपना घर नहीं देखती : विजय इंद्र सिंगला

Wednesday, Nov 02, 2022 - 09:54 PM (IST)

शिमला (राक्टा): भाजपा नेता कांग्रेस पर परिवारवाद की बात करती है लेकिन अपने घर में नहीं देखती, जहां उसने खुद परिवारवाद को बढ़ावा देते हुए चुनाव में उतारा है। यह बात कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता एवं पंजाब के पूर्व मंत्री विजय इंद्र सिंगला ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह द्वारा कांग्रेस नेताओं पर की गई टिप्पणी पर पलटवार करते हुए कही। उन्होंने बुधवार को शिमला राजीव भवन में आयोजित पत्रकार वार्ता में कहा कि अमित शाह ने जिस तरह से पूर्व मुख्यमंत्री और आधुनिक हिमाचल के निर्माता स्व. वीरभद्र सिंह के परिवार पर टिप्पणी की है, उससे हिमाचल की जनता के दिल को चोट पहुंची है। सिंगला ने कहा कि वीरभद्र सिंह और उनके परिवार के लिए पूरा हिमाचल एक परिवार है, ऐसे में अमित शाह की टिप्पणी हिमाचल की जनता पर की गई टिप्पणी है।

जनता के प्यार की बदौलत 6 बार प्रदेश के मुख्यमंत्री रहे वीरभद्र सिंह
उन्होंने कहा कि हिमाचल की जनता ने वीरभद्र सिंह को हमेशा अपना प्यार दिया है और उसकी बदौलत वह 6 बार प्रदेश के मुख्यमंत्री रहे हैं। सिंगला ने कहा कि हिमाचल में पिछले वर्ष हुए उपचुनावों में भाजपा को करारी शिकस्त मिली थी और अब भाजपा की हिमाचल से विदाई तय है। उन्होंने कहा कि अमित शाह ने हिमाचल आकर प्रदेश की भाजपा सरकार का जिक्र नहीं किया क्योंकि इस सरकार की कोई उपलब्धि ही नहीं है। कांग्रेस नेता सिंगला ने कहा कि हिमाचल में भाजपा सरकार ने युवाओं को रोजगार नहीं दिया और जो भर्ती हुई है, उसमें पेपर लीक हुए हैं। 

शाह को मोरबी हादसे की नहीं, चुनाव की ज्यादा चिंता : अलका
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के गृह राज्य के मोरबी में बड़ा हादसा हुआ और 140 से अधिक लोगों की मौत हुई है लेकिन उनके पास वहां जाने का समय नहीं है। कांग्रेस की राष्ट्रीय प्रवक्ता अलका लांबा ने बुधवार को राजीव भवन में आयोजित पत्रकार वार्ता में यह बात कही। उन्होंने कहा कि अमित शाह को चुनाव की चिंता ज्यादा है और हिमाचल आकर भी वह अपनी प्रदेश सरकार के कार्यों का जिक्र नहीं कर रहे बल्कि कांग्रेस नेताओं पर ही बोल रहे हैं। उन्होंने कहा कि अमित शाह हिमाचल केवल गांधी परिवार के खिलाफ बोलने के लिए ही आए हैं। कांग्रेस प्रवक्ता ने गुजरात से नशे की खेप देशभर और हिमाचल आने का भी आरोप लगाया। 

हिमाचल की खबरें Twitter पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
अपने शहर की और खबरें जानने के लिए Like करें हमारा Facebook Page Click Here

Content Writer

Vijay