IGMC के प्रशासनिक अधिकारियों की छुट्टियां रद्द

Sunday, Aug 11, 2019 - 11:23 AM (IST)

शिमला (जस्टा): आई.जी.एम.सी. में शुरू होने जा रहे किडनी ट्रांसप्लांट को लेकर प्रशासनिक अधिकारियों की छुट्टियां रद्द कर दी गई हैं। प्रशासनिक अधिकारियों को विभाग ने सख्त निर्देश हैं कि कोई भी अधिकारी छुट्टी पर नहीं जाएगा। डाक्टरों ने मंडी के एक और शिमला के एक मरीज को किडनी ट्रांसप्लांट के लिए तैयार किया है। पहला ऑप्रेशन 12 अगस्त को ठीक 10 बजे शुरू होगा। दिल्ली एम्स से 18 डॉक्टरों और कर्मचारियों की टीम की निगरानी में किडनी ट्रांसप्लांट होगा। आई.जी.एम.सी. के भी डॉक्टर इनके साथ मौजूद रहेंगे। 

हिमाचल में किडनी ट्रांसप्लांट पहली बार शुरू होने जा रहा है। मरीजों का पहला ऑप्रेशन ठीक से हो इसलिए पूरा स्टाफ सारी खामियों को दूर करने में जुटा है। शनिवार को आई.जी.एम.सी. में दिन भर तैयारियां चलती रहीं। मरीजों को ऑप्रेशन के लिए ऑप्रेट किया जा रहा है। एम्स के डाक्टरों के दिशा-निर्देशानुसार प्रशासन ने 5 मरीजों को किडनी ट्रांसप्लांट के लिए तैयार किया था लेकिन बाद में यह तय किया गया कि फिलहाल दो ही मरीजों का किडनी ट्रांसप्लांट होगा बाकी मरीजों का बाद में होगा। आई.जी.एम.सी. के डाक्टरों को दिल्ली एम्स से ही ट्रेनिंग दी गई है। प्रशासन अभी यह देखेगा कि पहला ऑप्रेशन ठीक से होता है या नहीं क्योंकि पहली बार किडनी ट्रांसप्लांट शुरू करना एक बहुत बड़ी बात है।

एक व्यक्ति 8 लोगों को कर सकता है अंगदान

एक व्यक्ति के शरीर से 8 व्यक्तियों को अंगदान किया जा सकता है। एक ब्रेन डैड मरीज दो किडनी, हृदय, लीवर, लंग, पैंक्रियास, इंटेस्टाइन, आंख व हड्डी दान कर सकते हैं। अभी तक आई.जी.एम.सी. में यह सुविधा नहीं है। इसके बाद जल्द ही संस्थान में लीवर ट्रांसप्लांट, फेफड़े सहित कई अन्य ट्रांसप्लांट की सुविधा भी शुरू होगी ताकि मरीजों को दूर-दूर न भटकना पड़े।

 

Ekta