राहुल गांधी के मुद्दे पर सदन में नारेबाजी से गर्माया माहौल, 10 मिनट तक स्थगित रही कार्यवाही

Friday, Mar 24, 2023 - 10:37 PM (IST)

शिमला (राक्टा): हिमाचल विधानसभा में शुक्रवार को दोपहर बाद कुछ समय के लिए सदन का माहौल गर्मा गया। दरअसल नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने सदन में संकल्प पर हुई चर्चा के बाद कांग्रेस नेता राहुल गांधी का मामला उठाना चाहा, लेकिन जैसे ही उन्होंने राहुल गांधी का नाम लिया तो मुख्यमंत्री व उपमुख्यमंत्री के साथ ही सत्तापक्ष के अन्य सदस्य अपनी सीटों पर खड़े होकर नेता प्रतिपक्ष द्वारा उठाए जा रहे मुद्दे का विरोध करने लगे, ऐसे में दोनों तरफ से शोरगुल होने लगा। इस दौरान कांग्रेस और भाजपा के विधायकों ने एक-दूसरे के नेताओं के खिलाफ नारेबाजी की।

इस पर विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया ने व्यवस्था दी कि विपक्ष इस मुद्दे को सदन में नहीं उठा सकता और उनकी कोई भी बात रिकाॅर्ड में दर्ज नहीं होगी। उन्होंने इस दौरान स्थिति को शांत करने का भी प्रयास किया लेकिन दोनों ही पक्षों के विधायक लगातार नारेबाजी करते रहे। इस पर विधानसभा अध्यक्ष ने सदन की कार्यवाही 10 मिनट के लिए स्थगित कर दी। बाद में सदन की कार्यवाही पुन: आरंभ होने पर माहौल फिर से शांत हो गया। इसके बाद विधायक इंद्र दत्त लखनपाल ने प्रदेश में निजी भूमि पर एक खेत से दूसरे खेत में जाने के लिए गैर-मुमकिन रास्तों को बंद किए जाने के कारण लोगों को हो रही असुविधा पर विचार करने और नीति बनाने को लेकर संकल्प पेश किया। इस संकल्प पर अब अगले गैर-सरकारी कार्यदिवस पर चर्चा होगी।

महिलाओं को 1500 रुपए दिए जाने पर स्पष्ट करें सीएम : जयराम
नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने भोजनावकाश के प्वाइंड ऑफ ऑर्डर के तहत मामला उठाते हुए कहा कि मुख्यमंत्री महिलाओं को 1500 रुपए दिए जाने पर सदन में स्पष्ट करें कि क्या 1500 रुपए सरकार अलग से देगी या फिर जो पैंशन पहले मिल रही है, उसी में कुछ पैसा बढ़ाकर इसे दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि प्रदेश में 22 लाख से ज्यादा ऐसी महिलाएं हैं लेकिन  सरकार ने केवल 2.31 लाख महिलाओं को 1500 रुपए देने की घोषणा की है और यह वे महिलाएं हैं, जिन्हें पहले से ही सामाजिक सुरक्षा पैंशन मिल रही है।

हिमाचल की खबरें Twitter पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
अपने शहर की और खबरें जानने के लिए Like करें हमारा Facebook Page Click Here

Content Writer

Vijay