Una: मिशन रिपीट होगा कामयाब, गुटों में बंटी भाजपा के मॉडल को नहीं करेंगे कॉपी : विनय

punjabkesari.in Monday, Apr 13, 2026 - 07:00 PM (IST)

ऊना (सुरेन्द्र): प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष विनय कुमार ने कहा कि हिमाचल में भाजपा कई गुटों में विभाजित है जबकि कांग्रेस पार्टी एकजुट और संगठित है। ऊना में पूर्व मंत्री कुलदीप कुमार, कांग्रेस नेता एवं पूर्व विधायक सतपाल रायजादा व विधायक विवेक शर्मा विक्कू सहित अन्य नेताओं की मौजूदगी में पत्रकार वार्ता को संबोधित करते हुए कहा कि पंचायत चुनावों में पार्टी सैमीफाइनल के लिए तैयार है जबकि विस चुनावों में फाइनल मुकाबला होगा और कांग्रेस सरकार मिशन रिपीट करेगी।

उन्होंने कहा कि भाजपा के संगठनात्मक मॉडल को कांग्रेस पार्टी कॉपी नहीं करेगी। भाजपा 1982 की बनी हुई पार्टी है जबकि कांग्रेस सबसे पुरानी और मजबूत पार्टी है। इसका अपना संगठनात्मक ढांचा और विचारधारा है। शीघ्र ही ब्लाॅक कार्यकारिणियों के पुनर्गठन पूरे हो जाएंगे। राज्य में 73 ब्लाॅक हैं और यह शीघ्र ही नए रंग रूप में नजर आएंगे।

कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि अधिकतर संगठनात्मक ढांचा बन चुका है। सभी जिलाध्यक्षों की ट्रेनिंग के लिए कांगड़ा में शिविर का आयोजन होगा। इसमें राहुल गांधी विशेष तौर पर सभी अध्यक्षों से मिलेंगे। 21 से 30 अप्रैल के बीच यह शिविर चलेगा। एक सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि भाजपा की तरह दुष्प्रचार के लिए कांग्रेस पार्टी सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर नहीं रखेगी बल्कि पार्टी के लोग अपनी नीतियों और विचारधारा को आगे बढ़ाएंगे।

उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार हर हाल में रिपीट होगी। मुख्यमंत्री सुक्खू ने पहली बार राज्य को मजबूत करने के लिए कई नीतियां और कार्यक्रम शुरू किए हैं। इस बार का बजट ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने वाला है। लोग सरकार की नीतियों से खुश हैं।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Kuldeep

Related News