UGC NET-2019 के लिए Admit Card जारी, यहां से करें डाउनलोड

Wednesday, May 29, 2019 - 10:51 AM (IST)

शिमला (अभिषेक): यू.जी.सी.-नैट (राष्ट्रीय पात्रता परीक्षा) में बैठने के लिए पात्र उम्मीदवारों के एडमिट कार्ड जारी कर दिए गए हैं। नैशनल टैस्टिंग एजैंसी (एन.टी.ए.) ने अपनी वैबसाइट पर उम्मीदवारों के एडमिट कार्ड अपलोड कर दिए हैं। उम्मीदवार एन.टी.ए. की वैबसाइट पर जाकर एडमिट कार्ड डाऊनलोड करने के लिंक पर क्लिक कर दिशा-निर्देशों को फॉलो कर अपने एडमिट कार्ड प्राप्त कर सकते हैं। इस बार भी यू.जी.सी.-नैट (राष्ट्रीय पात्रता परीक्षा) ऑनलाइन आयोजित होगी। ऑनलाइन कम्प्यूटर बेस्ड टैस्ट 20 व 21 जून के अलावा 24 से 28 जून तक आयोजित होगा। इस परीक्षा का परिणाम 15 जुलाई तक घोषित कर दिया जाएगा। यह परीक्षा जूनियर रिसर्च फैलोशिप और विश्वविद्यालयों व कालेजों में असिस्टैंट प्रोफैसर की पात्रता के लिए आयोजित होती है। 

नैट की परीक्षा में 2 पेपर होंगे। दोनों पेपर एक साथ एक बार में आयोजित होंगे और पेपर के लिए 3 घंटे का समय दिया जाएगा। पहला पेपर 100 अंकों का होगा, जिसमें 50 ऑब्जैक्टिव टाइप प्रश्न पूछे जाएंगे। दूसरा पेपर 200 अंकों का होगा, जिसमें 100 ऑब्जैक्टिव टाइप प्रश्न पूछे जाएंगे। दूसरे पेपर में उम्मीदवार द्वारा चुने गए विषय पर आधारित प्रश्न पूछे जाएंगे। सभी प्रश्न अनिवार्य होंगे। जून माह में होने वाले यू.जी.सी.-नैट के लिए तैयारी नए पाठ्यक्रम के अनुसार ही करनी होगी। बीते जनवरी माह में नैट के पाठ्यक्रम में बदलाव कर इसे वैबसाइट पर उपलब्ध करवा दिया गया है। नैट के सभी विषयों के पाठ्यक्रम में बदलाव किया गया है।

Ekta