हिमाचल के पालमपुर में दर्दनाक हादसा: 500 फीट गहरी खाई में गिरी बोलेरो, एक ही गांव के 2 युवकों की मौत

punjabkesari.in Sunday, Apr 12, 2026 - 11:55 AM (IST)

Kangra Road Accident : हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिले के अंतर्गत पालमपुर की बंदला पंचायत में शनिवार रात एक बोलेरो जीप के दुर्घटनाग्रस्त होने से दो युवकों की मौत हो गई। यह हादसा छिड़ चौक के पास उस समय हुआ, जब भारी बारिश के बीच चालक ने वाहन पर से अपना नियंत्रण खो दिया।

500 फीट गहरी न्यूगल खड्ड में गिरा वाहन

जानकारी के अनुसार, हादसा शनिवार रात करीब 11 बजे पेश आया। बंदला गांव के तीन युवक बोलेरो जीप में सवार होकर सौरभ वन विहार मार्ग से गुजर रहे थे। भारी बारिश के कारण चालक गाड़ी पर नियंत्रण नहीं रख पाया और वाहन सीधे ही 500 फीट गहरी न्यूगल खड्ड में जा गिरा।

2 युवकों की मौके पर मौत

इस भीषण हादसे में दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों की पहचान 23 वर्षीय अभय (उर्फ अब्बू) और 27 वर्षीय निशांत के रूप में हुई है, जो बंदला गांव के ही निवासी थे। वहीं, चालक वरुण (उर्फ बन्नू) इस हादसे में गंभीर रूप से घायल हुआ है। उसे प्राथमिक उपचार के बाद डॉ. राजेंद्र प्रसाद मेडिकल कॉलेज, टांडा रेफर किया गया है, जहां उसकी हालत नाजुक बनी हुई है।

क्षेत्र में शोक की लहर

एक ही गांव के दो नौजवानों की मौत की खबर सुनते ही पूरी पंचायत में शोक की लहर दौड़ गई है। पुलिस ने शवों का पोस्टमार्टम कराकर उन्हें परिजनों को सौंपने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। भाजपा प्रदेश प्रवक्ता त्रिलोक कपूर ने भी सिविल अस्पताल पालमपुर का दौरा कर घायल का हाल जाना और शोक संतप्त परिवारों के प्रति अपनी गहरी संवेदनाएं व्यक्त कीं।

प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें  
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Swati Sharma

Related News