पालमपुर नगर निगम चुनाव: आरक्षण रोस्टर ने बिगाड़ा दिग्गजों का खेल, मेयर-डिप्टी मेयर को तलाशने होंगे नए वार्ड

punjabkesari.in Wednesday, Apr 01, 2026 - 03:37 PM (IST)

पालमपुर (भृगु): नगर निगम पालमपुर का बहुप्रतीक्षित आरक्षण रोस्टर मंगलवार देर शाम आखिरकार जारी कर दिया गया। दिनभर चली अटकलों के बाद देर सायं जैसे ही सूची सामने आई, स्थानीय राजनीति में भारी हलचल मच गई। इस नए रोस्टर ने राजनीतिक समीकरणों को पूरी तरह से पलट कर रख दिया है, जिसका सबसे बड़ा असर निगम के वर्तमान और पूर्व बड़े चेहरों पर पड़ा है।

दिग्गजों का कटा पत्ता, आरक्षित हुए वार्ड
रोस्टर ने कई स्थापित नेताओं की चुनावी राह मुश्किल कर दी है। वर्तमान महापौर गोपाल नाग का वार्ड घुघर-खिलडू अब सामान्य वर्ग की महिला के लिए आरक्षित कर दिया गया है। वहीं, उपमहापौर राजकुमार का वार्ड लोहना अनुसूचित जाति (एससी) के लिए आरक्षित हो गया है, जबकि वह स्वयं अनुसूचित जनजाति (एसटी) वर्ग से संबंध रखते हैं। इसी तरह, पूर्व महापौर पूनम बाली (जो अनुसूचित जाति से हैं) का वार्ड होल्टा अब अनुसूचित जनजाति के लिए आरक्षित हो गया है। पूर्व उपमहापौर अनीश नाग को भी झटका लगा है, उनका आईमा वार्ड सामान्य वर्ग की महिला के खाते में चला गया है।

8 वार्ड महिलाओं के लिए आरक्षित
कुल 15 वार्डों में से 8 वार्ड महिलाओं के खाते में गए हैं। इनमें से 6 वार्ड सामान्य वर्ग की महिला के लिए, जबकि 2 वार्ड आरक्षित वर्ग की महिला के लिए तय किए गए हैं। गौरतलब है कि वर्तमान नगर निगम में पहले से ही 9 महिला पार्षद हैं। पिछले रोस्टर में होल्टा वार्ड अनुसूचित जाति के लिए आरक्षित था, जहां से महिला प्रत्याशी ने ही जीत दर्ज की थी।

राजनीतिक दलों की बढ़ीं चुनौतियां
इस बार के चौंकाने वाले आरक्षण रोस्टर ने पुरानी संभावित गणित को पूरी तरह ध्वस्त कर दिया है। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और कांग्रेस सहित सभी राजनीतिक दलों को अब प्रत्याशियों के चयन के लिए नई रणनीति बनानी होगी। राजनीतिक जानकारों का मानना है कि इस रोस्टर बदलाव से जहां नए चेहरों को आगे आने का मौका मिलेगा, वहीं कई स्थापित नेताओं को या तो वार्ड बदलना पड़ेगा या फिर चुनावी मैदान से बाहर बैठना पड़ सकता है। कुल मिलाकर पालमपुर नगर निगम का यह चुनाव पहले से कहीं अधिक रोचक और कड़े मुकाबले वाला होने जा रहा है।

नगर निगम पालमपुर के 15 वार्डों का नया आरक्षण रोस्टर 

  • वार्ड नंबर 1 (लोहना): अनुसूचित जाति
  • वार्ड नंबर 2 (पालमपुर अपर): सामान्य वर्ग (महिला)
  • वार्ड नंबर 3 (पालमपुर खास): सामान्य वर्ग (महिला)
  • वार्ड नंबर 4 (आईमा): सामान्य वर्ग (महिला)
  • वार्ड नंबर 5 (सुघर): सामान्य
  • वार्ड नंबर 6 (घुघर-खिलडू): सामान्य वर्ग (महिला)
  • वार्ड नंबर 7 (ब्रिंदावन): सामान्य वर्ग (महिला)
  • वार्ड नंबर 8 (खलेट): सामान्य वर्ग
  • वार्ड नंबर 9 (चौकी): अनुसूचित जाति (महिला)
  • वार्ड नंबर 10 (मारंडा): सामान्य
  • वार्ड नंबर 11 (राजपुर): अनुसूचित जाति
  • वार्ड नंबर 12 (घुघर टांडा): सामान्य
  • वार्ड नंबर 13 (टांडा): अनुसूचित जाति (महिला)
  • वार्ड नंबर 14 (बनूरी): सामान्य (महिला)
  • वार्ड नंबर 15 (होल्टा): अनुसूचित जनजाति

हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Related News