शिमला-मटौर हाईवे पर 'काल' बनी रफ्तार: आमने-सामने टकराई गाड़ियां, तीन घायल
punjabkesari.in Monday, Mar 09, 2026 - 10:52 AM (IST)
घुमारवीं (राकेश): नेशनल हाईवे-103 (शिमला-मटौर) पर सोमवार सुबह उस समय अफरा-तफरी मच गई जब नस्वाल के पास दो कारों के बीच आमने-सामने जबरदस्त टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि एक कार सड़क किनारे पलट गई और दोनों वाहनों के परखच्चे उड़ गए।
प्राप्त जानकारी के अनुसार एक कार घुमारवीं की तरफ से आ रही थी, जबकि दूसरी कार डंगार की ओर से आ रही थी। नस्वाल के पास पहुंचते ही दोनों गाड़ियों की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई।
हादसे में दोनों कारों को भारी नुकसान पहुंचा है, जबकि उनमें सवार तीन लोग घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर पहुंचे स्थानीय लोगों ने तुरंत राहत कार्य शुरू किया और घायलों को एंबुलेंस व निजी वाहनों की मदद से सिविल अस्पताल घुमारवीं पहुंचाया, जहां उनका उपचार चल रहा है।

