कौल सिंह को हराने वाले 2 ठाकुरों ने मिलाया हाथ, CM जयराम से मिलकर कही ये बात

Thursday, Jan 04, 2018 - 07:53 PM (IST)

मंडी: कांग्रेस के प्रदेश उपाध्यक्ष रहे और द्रंग से निर्दलीय चुनाव लड़कर दिग्गज कांग्रेस नेता कौल सिंह को हराने में अहम भूमिका निभाने वाले पूर्ण चंद ठाकुर बुधवार सुबह मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर से मिलने पहुंचे और उनका आशीर्वाद लिया। ऐसा माना जा रहा है कि देर-सवेर अब अगर पूर्ण चंद ठाकुर भाजपा में शामिल हो जाएं तो कोई हैरानी नहीं होनी चाहिए लेकिन इस सवाल पर पूर्ण ने कोई जवाब नहीं दिया। मौजूदा घटनाक्रम से ऐसा लग रहा है कि जिला परिषद में जल्द उठापटक होने वाली है, जहां कौल सिंह ठाकुर की बेटी चंपा ठाकुर अध्यक्ष हैं और पूर्ण चंद उपाध्यक्ष। 

कौल सिंह के सिपहसालार थे पूर्ण चंद ठाकुर
कहते हैं सियासत में यारी-दुश्मनी दोनों ही स्थायी नहीं होतीं। कल तक कौल सिंह ठाकुर के सिपहसालार के रूप में उनकी ढाल बनकर पूर्ण चंद ठाकुर बतौर जिला कांग्रेस अध्यक्ष जवाहर ठाकुर के हर आरोप का जवाब देते थे मगर अब विधानसभा चुनाव के दौरान पूर्ण चंद ठाकुर ने बगावत कर कौल सिंह के खिलाफ न केवल चुनाव लड़ा बल्कि एक तरह से उन्हें चुनाव में हराने में अहम भूमिका अदा की। अगर पूर्ण चंद ठाकुर बगावत न करते तो उन्हें मिलने वाले वोट कौल सिंह ठाकुर के खाते में जाते लेकिन वह मैदान में डटे रहे। जितने वोट पूर्ण चंद ठाकुर ने लिए लगभग उतने ही मतों से कौल सिंह ठाकुर मात खा गए।

गणित को समझते हुए भाजपा विधायक ने मिलाया हाथ
द्रंग के भाजपा विधायक जवाहर ठाकुर ने इस गणित को समझते हुए पूर्ण चंद ठाकुर से हाथ मिला लिया। मुख्यमंत्री के मंडी प्रवास के दौरान पूर्ण चंद ठाकुर ने मुख्यमंत्री से मुलाकात की और जवाहर ठाकुर से अपने भाईचारे का जिक्र भी किया। इस पर मुख्यमंत्री ने पूर्ण चंद ठाकुर से कहा कि अब आगे भी दोनों साथ रहना। अब इनका साथ मत छोडऩा।