पानी को लेकर भिड़े दो गुट, चार हुए घायल

Monday, Apr 13, 2020 - 02:59 PM (IST)

मंडी : पाइप लाइन फूटने के बाद पानी भरने गए कुछ लोगों पर गांव के लोगों ने हमला कर दिया। हमले में चार लोगों के घायल  होने की जानकारी मिली है। घायलों को उपचार के लिए जोनल हास्पिटल मंडी लाया गया है। मामला हिमाचल के मंडी जिले के पंडोह का हैं।

इसलिए हुई झड़प

जानकारी के अनुसार, पालमपुर के एक ठेकेदार की कश्मीरी लेबर पंडोह के पास सांबल गांव में रह रही थी। पाइप लाइन टूटने के कारण आज गांव में पानी नहीं आया। जहां पाइपलाइन टूटी थी, यह कश्मीरी वहां पर पानी भरने चले गए। इतने में गांव के कुछ लोग भी वहां पहुंचे। यहां दोनों गुटों के बीच कहासुनी शुरू हो गई और बात बढ़ते-बढ़ते हाथापाई तक पहुंच गई।

क्यूआरटी भी मौके पर पहुंची

इतने में गश्त पर निकली पुलिस टीम यहां पहुंची और विवाद को शांत करवाया। अगर यह टीम यहां नहीं पहुंचती तो ज्यादा खून खराबा हो सकता था। उसके बाद पंडोह पुलिस चौकी की टीम, सदर थाना की टीम और क्यूआरटी भी मौके पर पहुंची। घायल पंकज शर्मा ने बताया कि कश्मीरी लोग पानी की सप्लाई को बार-बार छेड़ रहे थे और रोकने पर इन्होंने गांव के लोगों पर हमला किया।

एएसपी मंडी भी मौके पर पहुंचे

मामले की गंभीरता को देखते हुए एएसपी मंडी पुनीत रघु और एसडीएम सदर निवेदिता नेगी भी मौके पर पहुंची और हालातों का जायजा लिया। एएसपी मंडी पुनीत रघु ने बताया कि दोनों पक्षों की शिकायत पर क्रॉस एफआईआर दर्ज करके मामले की छानबीन की जा रही है। उन्होंने बताया कि कश्मीरी लोगों के पास शौच जाने और पानी की उचित व्यवस्था नहीं थी और पाइपलाइन को लेकर यह विवाद हुआ है। पुलिस मामले की तहकीकात कर रही है।

kirti