हिमाचल में 2 दिन बारिश के आसार, 6 जिलों में ओलावृष्टि की चेतावनी

Sunday, Mar 28, 2021 - 09:36 PM (IST)

शिमला (हैडली): प्रदेश में मौसम होली के रंग में भंग डाल सकता है। मौसम विभाग ने प्रदेश में आज बारिश की संभावना जताई है। प्रदेश के सभी जिलो में हल्की बारिश के आसार हैं। इतना ही नहीं, प्रदेश के मध्यम पर्वर्तीय क्षेत्रों में तेज आंधी के साथ ओलावृष्टि की की चेतावनी जारी की गई है। इनमें प्रदेश के 6 जिले शिमला, मंडी, कुल्लू, चम्बा, सोलन और सिरमौर शामिल हैं, ऐसे में लोगों को सतर्क करने की सलाह दी गई है जबकि बाकी जिलो में हल्की बारिश होने की संभावना है।

मौसम विभाग से प्राप्त जानकारी के अनुसार 29 और 30 मार्च को बारिश होने के आसार हैं जबकि इसके बाद से प्रदेश में मौसम फिर से साफ हो जाएगा। 31 मार्च से 3 अप्रैल तक पूरे प्रदेश में मौसम साफ रहने के आसार हैं। गौरतलब है कि शिमला कुल्लू व मंडी जिला के ऊपरी क्षेत्रों में सेब की फसल में फूल खिलने की प्रक्रिया शुरू हो गई है, ऐसे में अगर ओलावृष्टि होती है तो प्रदेश के बागवानों की चिंताए बढ़ सकती हैं। इससे पहले भी ऊपरी शिमला के कई क्षेत्रों में पिछले दिनों ओलावृष्टि देखने को मिली थी, ऐसे में बागवानों की फसल पर फिर से संकट के बादल मंडराने लगे हैं।

वहीं रविवार को राजधानी शिमला सहित प्रदेश के सभी जिलों में मौसम साफ बना रहा व दिनभर धूप खिल रही। पर्यटकों ने शिमला, मनाली और डल्हौजी जैसे पर्यटन क्षेत्रों में सुहावने मौसम का लुत्फ उठाया।  मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के अनुसार प्रदेश के तापमान रविवार को 2 डिग्री का उछाल आया है। अधिकतम तापमान अभी भी सामान्य से 4 डिग्री ज्यादा है, वहीं न्यूनतम तापमान भी सामान्य से 3 डिग्री ज्यादा दर्ज किया गया है। प्रदेश में सबसे कम -0.1 डिग्री तापमान लाहौल-स्पीति के जिला के केलांग में दर्ज किया गया। वहीं सबसे ज्यादा 34.8 डिग्री तापमान ऊना जिले मे दर्ज किया गया है।

Content Writer

Vijay