Una: टमाटरों से लदा ट्रक अनियंत्रित होकर पलटा, ग्रामीणों का फूटा गुस्सा...प्रशासन को दिया अल्टीमेटम

punjabkesari.in Thursday, May 14, 2026 - 06:17 PM (IST)

टाहलीवाल (गौतम): ऊना जिले के हरोली उपमंडल के तहत आने वाले गांव बाथड़ी में एक बार फिर बड़ा सड़क हादसा होते-होते टल गया। बाथड़ी बस स्टैंड के पास गहरी उतराई में टमाटर से लोड एक ट्रक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गया। गनीमत यह रही कि चालक की सूझबूझ से ट्रक आबादी की तरफ नहीं घुसा, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया और चालक की जान भी बच गई।

जानकारी के अनुसार टमाटर से लदा यह ट्रक पंजाब के गढ़शंकर की ओर से आ रहा था और इसे औद्योगिक क्षेत्र बेला बाथड़ी के एक उद्योग में जाना था। जैसे ही ट्रक बाथड़ी की गहरी उतराई पर पहुंचा तो अचानक अनियंत्रित हो गया। खतरे को भांपते हुए चालक ने समझदारी दिखाई और ट्रक को सड़क किनारे मोड़ दिया, जहां वह पलट गया। हादसे में चालक बाल-बाल बच गया, हालांकि ट्रक में लदे टमाटर पूरी सड़क पर बिखर गए।

बाथड़ी बस स्टैंड के पास यह कोई पहला मामला नहीं है। औद्योगिक क्षेत्र होने के कारण यहां राॅ-मैटीरियल (कच्चा माल) लेकर आने वाले भारी वाहन अक्सर इस गहरी उतराई में अनियंत्रित होकर पलट जाते हैं। यह क्षेत्र घनी आबादी वाला है और बस स्टैंड होने के कारण यहां हमेशा दुकानदारों और राहगीरों की भीड़ रहती है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि संबंधित विभाग इन जानलेवा हादसों को लेकर बिल्कुल भी गंभीर नहीं है, जिससे यहां कभी भी कोई बड़ा और दर्दनाक हादसा हो सकता है।

लगातार हो रहे हादसों से स्थानीय लोगों में भारी रोष है। बाथड़ी पंचायत के पूर्व प्रधान अनुपम राणा ने कहा कि इस ब्लैक स्पॉट और उतराई की समस्या को लेकर कई बार संबंधित विभागों को अवगत करवाया जा चुका है, लेकिन आज तक कोई समाधान नहीं निकाला गया। उन्होंने प्रशासन को अल्टीमेटम देते हुए कहा कि अगर जल्द ही इन हादसों को रोकने के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठाए गए, तो बाथड़ी पंचायत के ग्रामीण प्रशासन और संबंधित विभाग के खिलाफ उग्र आंदोलन करने को मजबूर होंगे।

इस घटना को लेकर पुलिस थाना टाहलीवाल के एसएचओ रिंकू सूर्यवंशी ने बताया कि फिलहाल इस हादसे के संदर्भ में पुलिस के पास कोई औपचारिक शिकायत दर्ज नहीं करवाई गई है। वहीं, लोक निर्माण विभाग की तरफ से हरोली के एसडीओ विशाल शर्मा ने कहा कि बाथड़ी में बार-बार हो रहे हादसों का संज्ञान लिया गया है और इस संदर्भ में संबंधित विभाग के अधिकारियों को सड़क सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए विशेष निर्देश दिए जा रहे हैं।

हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Related News