हिमाचल के राज्यपाल व मुख्यमंत्री ने सुषमा स्वराज को दिल्ली में दी श्रद्धांजलि

Wednesday, Aug 07, 2019 - 11:03 PM (IST)

शिमला: पूर्व विदेश मंत्री सुषमा स्वराज के आकस्मिक निधन की सूचना मिलने के बाद राज्यपाल कलराज मिश्र व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर दिवंगत नेता को श्रद्धांजलि देने के लिए बुधवार को नई दिल्ली के लिए रवाना हो गए। इस दौरान सचिवालय में पहले से तय कार्यक्रम व बैठकों को स्थगित कर दिया गया। उन्होंने नई दिल्ली जाकर सुषमा स्वराज के पार्थिव शरीर पर श्रद्धासुमन अर्पित किए तथा कहा कि उनके निधन से भारतीय राजनीति का बेहतरीन अध्याय समाप्त हो गया है। उनका निधन न केवल पार्टी के लिए एक बड़ी क्षति है अपितु देश के लिए भी एक अपूर्णीय क्षति है। उन्होंने कहा कि सुषमा स्वराज एक कुशल नेत्री, असाधारण सांसद, प्रखर वक्ता, कुशल प्रशासक, संवेदनशील व्यक्तित्व की महिला थीं। उन्होंने लंबे समय तक देश की सेवा की और अपने कार्यों से सभी को प्रभावित किया। उनके आकस्मिक निधन से राष्ट्र को अपूर्णीय क्षति हुई है।

इन नेताओं ने भी जताया शोक

पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह, शांता कुमार, प्रो. प्रेम कुमार धूमल, भाजपा के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष सतपाल सिंह सत्ती, केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री अनुराग ठाकुर, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कुलदीप सिंह राठौर, नेता प्रतिपक्ष मुकेश अग्रिहोत्री, प्रदेश मंत्रिमंडल के सदस्य, भाजपा विधायक, सांसद किशन कपूर, राम स्वरूप शर्मा व सुरेश कश्यप आदि नेताओं ने सुषमा स्वराज के निधन पर शोक जताया है।

हिमाचल के 3 जिलों को नहीं मिल पाया राष्ट्रीय पुरस्कार

पूर्व विदेश मंत्री के आकस्मिक निधन के चलते प्रदेश के 3 जिलों शिमला, मंडी और सिरमौर को बुधवार को राष्ट्रीय पुरस्कार नहीं मिल पाए। नई दिल्ली के विज्ञान भवन में केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी की तरफ से सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री डॉ. राजीव सहजल की मौजूदगी में जिलाधीशों को इसके लिए सम्मानित किया जाना था। ये पुरस्कार महिला एवं बाल विकास मंत्रालय की तरफ से बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ कार्यक्रम के तहत दिए जाने थे।

Vijay