हिमाचल के मंदिरों में करोड़ों का खजाना, CM जयराम ने सदन में दी जानकारी

Friday, Feb 28, 2020 - 11:32 PM (IST)

शिमला (ब्यूरो): कर्ज में डूबे प्रदेश के मंदिरों में करोड़ों रुपए का खजाना छिपा है। यह खजाना भगवान व देवी-देवताओं में आस्था रखने वाले लोगों ने नकदी और सोना-चांदी चढ़ाकर भरा है। इसमें हमीरपुर का दियोटसिद्ध मंदिर सबसे अमीर मंदिर है। यहां पर 16 करोड़ 66 लाख 93 हजार की नकदी जमा है, साथ ही सावधि जमा राशि 58 करोड़ 97 लाख, 47 हजार 444 रुपए है। मंदिर के खाते में इस समय 26 किलो 300 ग्राम सोना व 3 क्विंटल 82 किलो 947 ग्राम चांदी है। यहां के सेवा भारती शनिदेव मंदिर के पास भी 1.37 करोड़ की नकदी जमा है।

सरकार ने 35 मंदिरों का किया अधिग्रहण  

मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर की तरफ से नेता प्रतिपक्ष की तरफ से पूछे गए प्रश्न के लिखित उत्तर में यह जानकारी दी गई। यह भी बताया गया कि मंदिर न्यास अपने बजट से मंदिरों का जीर्णोद्धार करते हैं। प्रदेश के अन्य ऐतिहासिक और पुरातात्विक महत्व के मन्दिरों व स्मारकों को भी इस राशि से मदद की जाती है। मौजूदा समय में प्रदेश के 35 मंदिरों का सरकार की तरफ से अधिग्रहण किया गया है। प्रदेश के प्रमुख शक्तिपीठ और त्रिलोकीनाथ मंदिर के खाते में भी इस समय करोड़ों रुपए जमा हैं।

किस मंदिर में कितना खजाना

शिमला के तारा देवी मंदिर के पास 3.50 करोड़ से अधिक की नकदी, एक किलो 712 ग्राम सोना, 1 क्विंटल 65 किलो 455 ग्राम से अधिक चांदी है। कांगड़ा के श्री ज्वालाजी मंदिर के पास 3.42 करोड़ की नकदी व 20.80 करोड़ जमा, 23 किलोग्राम 278 ग्राम सोना, 8 क्विंटल 90 किलो 586 ग्राम चांदी है। दुर्गा माता मंदिर हाटकोटी के पास 2.33 करोड़ की नकदी व 2.87 करोड़ जमा हैं जबकि 4 किलो 800 ग्राम सोना और 1 क्विंटल एक किलो 821 ग्राम चांदी है। ऊना के माता चिंतपूर्णी मंदिर के पास 1.57 करोड़ से अधिक नकदी, 1.02 अरब जमा हैं। इसके अलावा 1 क्विंटल 98 किलो 456 ग्राम से अधिक सोना और 71 क्विंटल 42 किलो 915 ग्राम से अधिक चांदी है। श्री चामुंडा माता मंदिर में 1.48 करोड़ से अधिक की नकदी, 5.50 करोड़ रुपए से अधिक जमा, 18 किलो 497 ग्राम सोना, 6 क्विंटल 88 किलो 775 ग्राम से अधिक चांदी है। माता बज्रेश्वरी मंदिर में 1.17 करोड़ की नकदी व 3.34 करोड़ जमा राशि, 33 किलो 451 ग्राम सोना और 10 क्विंटल 97 किलो 887 ग्राम चांदी है। लाहौल-स्पीति के भगवान श्री त्रिलोकीनाथ मंदिर उदयपुर के पास 1.22 करोड़ की नकदी व 6.69 करोड़ से अधिक जमा हैं। मंदिर के पास 4 ग्राम सोना और 2 किलो 600 ग्राम से अधिक चांदी है। संकटमोचन मंदिर शिमला के पास 1.10 करोड़ की नकदी, 41 मिली ग्राम सोना, 11 किलो 603 ग्राम चांदी है। श्री हनुमान मंदिर जाखू के पास 1.34 करोड़ रुपए से अधिक की नकदी, 1.16 करोड़ से अधिक जमा, 370 ग्राम सोना और 62 किलो 164 ग्राम से अधिक चांदी है।

2 साल में 20 को सेवा विस्तार दिया

प्रदेश सरकार ने बीते 2 साल के भीतर 20 अधिकारियों व कर्मचारियों को सेवाविस्तार दिया गया। नेता प्रतिपक्ष मुकेश अग्रिहोत्री की तरफ से पूछे गए प्रश्न के लिखित उत्तर में मुख्यमंत्री ने यह जानकारी दी। विधायक रमेश धवाला की तरफ से पूछे गए एक सवाल के लिखित जवाब में मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश के विभिन्न विभागों में 63,126 पद खाली चल रहे हैं।

Vijay