Bilaspur: शराब के ठेके में जा घुसी सवारियों से भरी ट्रैवलर...5 लोग घायल, चालक के खिलाफ केस दर्ज
punjabkesari.in Thursday, Apr 16, 2026 - 09:23 PM (IST)
बिलासपुर (बंशीधर): कीरतपुर-नेरचौक फोरलेन पर स्थित डमली में एक सड़क हादसा सामने आया है, जहां एक तेज रफ्तार टैंपो ट्रैवलर अनियंत्रित होकर सड़क किनारे बने शराब के ठेके में जा घुसी। इस हादसे में वाहन में सवार 5 लोगों को हल्की चोटें आई हैं, जबकि शराब के ठेके को भारी नुक्सान हुआ है।
पुलिस को दी गई शिकायत में बैहना जट्टां निवासी विपिन कुमार ने बताया कि गत शाम के समय एक ट्रैवलर (DL IVC-5825) बहुत तेज रफ्तार में आ रही थी। चालक की लापरवाही के कारण वाहन पर नियंत्रण नहीं रहा और वह सड़क किनारे बने देसी व अंग्रेजी शराब के ठेके में जा घुसी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि ठेके के भीतर तक भारी तोड़फोड़ हो गई।
हादसे के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। आरोपी चालक की पहचान जितेंद्र सिंह (40) निवासी सी-1/26, गली नंबर-5, राजा पुरी, उत्तमनगर, दिल्ली के रूप में हुई है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। एसपी बिलासपुर संदीप धवल ने मामले की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि यातायात पुलिस थाना भगेड़ की टीम मामले की आगामी जांच कर रही है और कानून के अनुसार कार्रवाई अमल में लाई जा रही है।

