मंडी में दर्दनाक हादसा: 400 मीटर खाई में लुढ़का ट्रैक्टर, 7 लोग घायल (Video)

Wednesday, Sep 04, 2019 - 04:43 PM (IST)

सुंदरनगर (नितेश सैनी): हिमाचल प्रदेश में सड़क हादसे थमने का नाम नहीं ले रहे हैं। इस कारण देवभूमि की सड़कें लगातार लोगों के खून की प्यासी बनती जा रही है। ताजा घटनाक्रम में मंडी जिला के बल्ह के लेदा क्षेत्र में एक दर्दनाक हादसा सामने आया है। इस हादसे में एक ट्रैक्टर करीब 400 मीटर गहरी खाई में जा गिरा। हादसे में 7 लोगों में से 2 लोगों को गंभीर चोटें आई हैं जिन्हें मेडीकल कॉलेज नेरचौक रेफर किया गया है।

जानकारी के अनुसार मंगलवार देर रात (एचपी-21B-0213) ट्रैक्टर पर चालक सहित लेबर के 7 लोग सवार थे। इसी दौरान जैसे ही ट्रैक्टर बल्ह के लेदा के समीप पहुंचा तो ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर करीब 400 मीटर गहरी खाई में जा गिरा जिसमें 7 लोग घायल हो गए। घटना का पता चलते ही स्थानीय लोग भी मौके पर पहुंचे और घायलों को गहरी खाई से सड़क पर पहुंचाया गया। स्थानीय लोगों द्वारा घायलों को 108 एम्बुलेंस व निजी वाहनों की मदद से सिविल अस्पताल सुंदरनगर पहुंचाया गया। जहां पर दो घायलो की गंभीर हालत को देखते हुए मैडीकल कॉलेज नेरचौक रैफर कर दिया और अन्य 5 घायलों का उपचार सिविल अस्पताल सुंदरनगर में चल रहा है।

हादसे में घायल लोग लेबर का कार्य करने वाले बताए जा रहे हैं। मौके पर पहुंच पुलिस ने हालात का जायजा लिया और ट्रैक्टर चालक के खिलाफ 279, 337 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की। वहीं प्रशासन ने भी मौके पर पहुंच घायलों को फौरी राहत के तौर पर दो-दो हजार की राशि प्रदान की गई। बताया जा रहा है कि सभी घायल प्रवासी मजदूर है। डीएसपी सुंदरनगर गुरबचन सिंह ने बताया कि हादसे में 7 लोग घायल हुए हैं। पुलिस ने चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

Ekta