Tractor के खाई में लुढ़कने से 4 घायल, 2 गंभीर हालत में TMC रैफर

punjabkesari.in Wednesday, Jun 19, 2019 - 11:27 PM (IST)

डरोह (अजय): बुधवार देर शाम नागनी के तीखे मोड़ पर ट्रैक्टर (एच.पी. 37ए-7538) के खाई में लुढ़क जाने से 4 लोग घायल हो गए, जिनमें 2 लोगों को मामूली चोटें आईं जबकि 2 अन्य गंभीर रूप से घायल हैं। जानकारी के अनुसार यह ट्रैक्टर थुरल चलाह के निवासी ताज मोहम्मद का है जो ट्रैक्टर की पासिंग के बाद अपने बेटे आरिफ  व भतीजे लियागत के साथ घर वापस जा रहे थे। ट्रैक्टर को अकबर नाम का ड्राइवर चला रहा था। ट्रैक्टर जब नागनी की उतराई के पास पहुंचा तो उसकी ब्रेक ने काम करना बंद कर दिया, जिस कारण ट्रैक्टर ट्राली सहित मोड़ के एक तरफ  लुढ़क गया। इसके बाद ट्राली-ट्रैक्टर से छूट कर गहरी खाई में जा गिरी जबकि ट्रैक्टर मोड़ के साथ ढांक में ही फंसा रहा।

2 घायलों को टांडा अस्पताल किया रैफर

इस दुर्घटना में ताज मोहम्मद व लियागत को मामूली चोटें आईं जबकि आरिफ  व ड्राइवर अकबर गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें स्थानीय लोगों की मदद से सिविल अस्पताल भवारना ले जाया गया जहां घायलों का इलाज चल रहा है जबकि गंभीर रूप से घायल आरिफ को टांडा अस्पताल रैफर कर दिया गया। ड्राइवर अकबर का इलाज सिविल अस्पताल पालमपुर में चल रहा है। भवारना पुलिस भी मौके पर पहुंच कर दुर्घटना की छानबीन में जुट गई है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Vijay

Recommended News

Related News