हिमाचल की वादियों में घूमना UK से आने वाले पर्यटकों को सबसे अधिक पसंद

Sunday, May 12, 2019 - 03:34 PM (IST)

 

शिमला (अभिषेक): हिमाचल प्रदेश की खूबसूरत वादियों के बीच घूमना यू.के. से आने वाले विदेशी पर्यटकों को सबसे अधिक पसंद है। वर्ष 2018 में भी यू.के. से सबसे अधिक विदेशी पर्यटक हिमाचल घूमने पहुंचेे। विश्व प्रसिद्ध राज्य हिमाचल प्रदेश में विभिन्न देशों से लाखों की संख्या में पर्यटक पहुंचते है, लेकिन आंकड़ों पर गौर करें तो यू.के. से सबसे अधिक संख्या में पर्यटक हिमाचल की सैर करते हैं। अन्य देशों की तुलना में यू.के. से हिमाचल प्रदेश आने वाले पर्यटकों की संख्या सबसे अधिक रहती है। हिमाचल प्रदेश पर्यटन विभाग की ओर से जारी आंकड़ों में यह खुलासा हुआ है। वर्ष 2018 में यू.के. से 62954 पर्यटक हिमाचल प्रदेश पहुंचे। यह संख्या वर्ष 2017 की तुलना में कम है। वर्ष 2017 में यू.के. से 79192 पर्यटक हिमाचल प्रदेश पहुंचे थे, जबकि वर्ष 2016 में 83680 पर्यटक यू.के. से हिमाचल आए थे। 

वर्ष 2016 व 2017 की तुलना में वर्ष 2018 में यू.के. से कम संख्या में पर्यटक हिमाचल आए, लेकिन फिर भी अन्य देशों के मुकाबले हिमाचल प्रदेश आने वाले विदेशी पर्यटकों की संख्या यू.के. से सबसे अधिक रही है। जारी आंकड़ों के तहत विदेशी पर्यटकों के मामले में यू.एस.ए. दूसरे स्थान पर है। हिमाचल प्रदेश में वर्ष 2018 के दौरान 30021 पर्यटक यू.एस.ए. से आए, जबकि वर्ष 2017 में कुल 40613 पर्यटक यू.एस.ए. से हिमाचल आए थे। वर्ष 2016 में यू.एस.ए. से 37057 पर्यटक आए थे। बंगलादेश के लोगों को भी हिमाचल की वादियां खूब पसंद आती हैं। बंगलादेश से वर्ष 2018 में हिमाचल प्रदेश घूमने आए पर्यटकों की संख्या 15196 रही। हालांकि यह आंकड़ा वर्ष 2017 की तुलना में कम है। 2017 में हिमाचल प्रदेश घूमने आए पर्यटकों की संख्या 23984 रही थी। इसके अलावा वर्ष 2018 में ऑस्ट्रेलिया से 18145 पर्यटन हिमाचल घूमने आए।

यह संख्या वर्ष 2017 की तुलना में कम है। वर्ष 2017 में आस्टे्रलिया से 21256 पर्यटक हिमाचल प्रदेश घूमने आए थे। इसके अलावा फ्रांस से वर्ष 2018 में कुल 18052 पर्यटक हिमाचल आए। उल्लेखनीय है कि हिमाचल प्रदेश में आने वाले विदेशी पर्यटकों की संख्या में कमी आई है। वर्ष 2018 में हिमाचल आने वाले विदेशी पर्यटकों की संख्या में काफी गिरावट दर्ज की गई। वर्ष 2017 की तुलना में वर्ष 2018 में 114354 विदेशी पर्यटक कम आए। यानी कि वर्ष 2017 में जहां 470922 विदेशी पर्यटक हिमाचल प्रदेश की वादियों में सैर के लिए आए थे, वहीं वर्ष 2018 में यह संख्या कम होकर 356568 दर्ज की गई है। वर्ष 2016 में 452770 विदेशी पर्यटक हिमाचल आए थे।

वर्ष 2018 में विभिन्न देशों से हिमाचल आए विदेशी पर्यटकों का ब्यौरा

देश हिमाचल आए कुल पर्यटक

यू.के.             62954
यू.एस.ए.        30021
फ्रांस             18052
इटली            5049
कनाडा          9134
यू.ए.ई.          914
पाकिस्तान     224
जर्मनी          11538
मलेशिया       9540
आस्ट्रेलिया   18145
स्ट्जिरलैंड    3158
बंगलादेश     15196
श्रीलंका         5122
जापान         3866
साऊदी अरब 957
सिंगापुर       5166
ईरान          278

Ekta