हिमाचल में पर्यटकों का हुड़दंग, चलती कार की खिड़की से बाहर लटककर पी रहे बीयर, Viral Video होने के बाद लोगों में रोष
punjabkesari.in Sunday, May 03, 2026 - 11:39 AM (IST)
Mandi News : हिमाचल प्रदेश की शांत वादियों और सुरक्षित सड़कों पर बाहरी राज्यों से आने वाले पर्यटकों की मनमानी थमने का नाम नहीं ले रही है। किरतपुर-मनाली फोरलेन पर सुरक्षा मानकों को ताक पर रखकर स्टंट करने और शराब पीने का एक नया मामला सामने आया है। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे एक वीडियो में हरियाणा नंबर की कार में सवार कुछ युवक न केवल यातायात नियमों की धज्जियां उड़ा रहे हैं, बल्कि अपनी और दूसरों की जान को भी खतरे में डाल रहे हैं।
चलती गाड़ी में ही बीयर पी रहे युवक
यह घटना 2 मई की बताई जा रही है, जो बैहना और चक्कर क्षेत्र के बीच सामने आई। वायरल हो रहे 20 सेकंड के इस वीडियो में स्पष्ट रूप से देखा जा सकता है कि हरियाणा नंबर (HR 26F Y9792) की एक तेज रफ्तार कार के दरवाजे खोलकर दो युवक आधे शरीर को बाहर निकालकर बैठे हैं। इतना ही नहीं, युवक चलती गाड़ी में ही बीयर पी रहे हैं और खाली कैन व बोतलें सड़क पर फेंक रहे हैं। पीछे चल रहे एक अन्य वाहन के यात्रियों ने इस पूरी घटना को अपने मोबाइल में कैद कर लिया।
स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश
वीडियो वायरल होने के बाद से ही स्थानीय जनता में पर्यटकों के इस व्यवहार को लेकर गहरा रोष है। वीडियो का संज्ञान लेते हुए मंडी के पुलिस अधीक्षक (SP) विनोद कुमार ने मामले की पुष्टि की है। उन्होंने कहा कि कार के नंबर के आधार पर दोषियों की पहचान की जा रही है और उनके विरुद्ध मोटर वाहन अधिनियम के तहत सख्त कानूनी कार्यवाही अमल में लाई जाएगी।

