Chamba: सचे जोत दर्रे में सितम्बर में ही सीजन की पहली बर्फबारी, पांगी घाटी का संपर्क कटा
punjabkesari.in Thursday, Sep 17, 2026 - 08:53 PM (IST)
तीसा (चम्बा) (सुभानदीन): चम्बा जिले के चुराह उपमंडल की सबसे ऊंची और पर्यटन की दृष्टि से महत्वपूर्ण चोटी सचे जोत ने समय से पहले ही सफेद चादर ओढ़ ली है। समुद्र तल से करीब 14,500 फुट की ऊंचाई पर स्थित इस चोटी पर सितम्बर माह के शुरूआती दौर में ही ताजा हिमपात दर्ज किया गया है, जिसने एक तरफ जहां इलाके में ठंड बढ़ा दी है, वहीं दूसरी तरफ स्थानीय प्रशासन और लोगों की मुश्किलें भी बढ़ा दी हैं। बुधवार देर रात से चुराह उपमंडल के निचले इलाकों में झमाझम बारिश का दौर जारी था। लगातार हो रही इस भारी बारिश का असर ऊपरी शिखरों पर साफ देखने को मिला, जहां तापमान में अचानक भारी गिरावट आई।
इसके चलते सचे जोत पर बर्फ के फाहे गिरने शुरू हो गए और देखते ही देखते पूरी चोटी ने सफेद आंचल ओढ़ लिया। जानकारी के अनुसार सचे जोत में करीब 10 से 12 इंच ताजा हिमपात दर्ज किया गया है। इस बर्फबारी का सबसे बड़ा असर यातायात व्यवस्था पर पड़ा है। जिला चम्बा को जनजातीय क्षेत्र पांगी से जोड़ने वाला अति-महत्वपूर्ण बैरागढ़-किलाड़ मार्ग पूरी तरह से अवरुद्ध हो गया है। सड़क पर कई इंच बर्फ जम जाने के कारण वाहनों की आवाजाही पूरी तरह से बंद कर दी गई है। बर्फबारी के बीच कुछ वाहन चालकों ने जोखिम उठाते हुए टायरों में स्नो-चैन लगाकर सचे जोत को क्रॉस करने का प्रयास किया और किसी तरह वहां से निकले।
सड़क बंद होने के कारण पांगी घाटी का सीधा संपर्क जिला मुख्यालय चम्बा से कट गया है, जिससे रोजमर्रा के कामकाज और आवागमन के लिए स्थानीय लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। सड़क बंद होने की सूचना मिलते ही संबंधित विभाग और प्रशासन हरकत में आ गया है। मार्ग को जल्द से जल्द यातायात के लिए सुचारू बनाने हेतु मशीनरी और कर्मियों को तैनात करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। लोक निर्माण विभाग के एसई जीत सिंह ठाकुर ने कहा कि मौसम यदि साफ रहा तो शुक्रवार तक इस मार्ग को सभी प्रकार के छोटे-बड़े वाहनों के लिए पूरी तरह से बहाल कर दिया जाएगा।

