एक डाक्टर के सहारे चल रहा ये अस्पताल, मरीज परेशान

Friday, Oct 25, 2019 - 12:49 PM (IST)

नेरचौक (हरीश): सिविल अस्पताल रत्ती एक चिकित्सक के सहारे चल रहा है, जबकि अस्पताल में चिकित्सकों के 6 पद स्वीकृत हैं। बताते चलें कि रत्ती अस्पताल में रोज 150 से 200 ओ.पी.डी. होती है, जिसे सिर्फ एक डाक्टर ही देख रहा है और अगर वह भी छुट्टी पर हो तो बी.एम.ओ. भी मरीज देखते हैं, लेकिन उनके पास भी अस्पताल प्रबंधन के साथ-साथ अन्य 4 प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र गागल, बग्गी, छमयार व पंडोह का कार्यभार है।

ऐसे में एक ही चिकित्सक होने के कारण अब वह दिन को सेवाएं दे या रात्रि को। अस्पताल रत्ती में सबसे बड़ी बात यह है कि अस्पताल में एक अनुबंध चिकित्सक की भी नियुक्ति की गई है, लेकिन चिकित्सक पिछले 6 महीने से ड्यूटी पर नहीं आ रही है। चिकित्सक को ड्यूटी देने के लिए बी.एम.ओ. व सी.एम.ओ. कार्यालय से कई मर्तबा पत्राचार के माध्यम से कहा गया, लेकिन वह तब भी ड्यूटी नहीं दे रही हैं। बताया जाता है कि अनुबंध चिकित्सक चंडीगढ़ में पी.जी. की कोङ्क्षचग ले रही हैं। डाक्टरों की कमी से कुल मिलाकर मरीजों को परेशानी हो रही है।

Edited By

Simpy Khanna