चोरों ने बुजुर्ग महिला के घर मे लगाई सेंध, नकदी-गहनों पर किया हाथ साफ

Sunday, Dec 09, 2018 - 07:52 PM (IST)

करसोग (यशपाल): उपमंडल करसोग की पंचायत शाकरा में एक बुजुर्ग महिला के घर पर चोरों ने नकदी व सोने के गहनों पर हाथ साफ कर दिया है। पुलिस थाना करसोग ने चोरी का मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार शाकरा गांव की 65 वर्षीय बुजुर्ग महिला केसरी देवी पत्नी स्वर्गीय बालक राम शुक्रवार को घर पर ताला लगाकर गांव में आयोजित धार्मिक समारोह में शिरकत करने गई थी। शाम को महिला जब घर वापस लौटी तो घर का ताला टूटा हुआ पाया। जब घर के अंदर जाकर देखा तो पूरा सामान बिखरा पड़ा था तथा कमरे में पड़े ट्रंक का सामान भी बाहर गिरा हुआ था। ट्रंक में रखे महिला के तकरीबन 10 हजार रुपए तथा सोने के गहनों पर चोरों ने हाथ साफ कर दिया।

पुलिस ने टीम गठित कर शुरू की मामले की जांच

बुजुर्ग महिला के जिन सोने के गहनों पर चोरों ने हाथ साफ किया है वह महिला की शादी के दौरान बने हुए गहने थे। बुजुर्ग महिला ने चोरी की वारदात की खबर अपने बेटे को दी जो गांव के बाहर नौकरी करता है। घर में चोरी की वारदात की सूचना करसोग पुलिस को दी गई तथा पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी। डी.एस.पी. करसोग अरुण मोदी ने ममाले की पुष्टि करते हुए बताया कि मामले का पटाक्षेप करने के लिए पुलिस की टीम गठित कर दी गई है तथा छानबीन जारी है।

Vijay