हिमाचल के ये 2 खिलाड़ी World Cup में करेंगे भारत का प्रतिनिधित्व

punjabkesari.in Saturday, Mar 17, 2018 - 01:55 AM (IST)

शिमला: हिमाचल प्रदेश के 2 खिलाडिय़ों का चयन जूनियर शूटिंग वर्ल्ड कप के लिए हुआ है। महिला वर्ग में जीना खिट्टा और पुरुष वर्ग में सूर्य प्रताप सिंह बांशटू ऑस्ट्रेलिया के सिडनी में होने वाले जूनियर शूटिंग वल्र्ड कप में टीम इंडिया का प्रतिनिधित्व करेंगे। यह वर्ल्ड कप 19 से 29 मार्च तक होगा। इसमें भाग लेने के लिए दोनों शूटर्स टीम इंडिया के साथ सिडनी के लिए रवाना हो गए हैं। हिमाचल के ये दोनों शूटर्स अपना पहला मुकाबला 22 मार्च को खेलेंगे। जोनल और राष्ट्रीय स्तर पर लगातार उम्दा प्रदर्शन कर दोनों शूटर्स ने टीम इंडिया की शूटिंग टीम में जगह बनाने में सफलता हासिल की है। 

दोनों शूटर्स हैं 11वीं के विद्यार्थी 
जीना खिट्टा और सूर्य प्रताप सिंह बांशटू जिला शिमला के रोहड़ू के रहने वाले हैं और अराधना शूटिंग अकादमी के स्टूडैंट्स हैं। 11वीं के विद्यार्थी दोनों शूटर्स बीते कई वर्षों से लगातार विभिन्न स्तर पर शूटिंग खेल में उम्दा प्रदर्शन कर रहे हैं। कोच वीरेंद्र सिंह बांशटू की देखरेख में दोनों खिलाड़ी प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे हैं। 10 मीटर एयर राइफल वर्ग में भाग लेने वाले खिलाड़ी वर्ष 2015 से लगातार प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे हैं। 3 बार राष्ट्रीय स्तर पर शूटिंग स्पर्धाओं में भाग लेते हुए अभी तक उन्होंने कई पदक हासिल किए हैं। इसके अलावा चंडीगढ़ इंटर स्कूल चंडीगढ़ ओपन स्टेट चैम्पियनशिप में दोनों खिलाडिय़ों ने स्वर्ण पदक हासिल किए थे। 

अब तक कई पदक हासिल कर चुके हैं जीना व सूर्य
वर्ष 2017 में हुए स्कूल नैशनल्स में सूर्य प्रताप सिंह बांशटू ने रजत पदक हासिल किया था जबकि जीना खिट्टा ने कांस्य पदक हासिल किया था। यह प्रतियोगिता पुणे में आयोजित हुई थी। इसके अलावा उत्तर क्षेत्रीय चैम्पियनशिप में जीना ने रजत पदक और सूर्य ने कांस्य पदक हासिल किया था। केरल में वर्ष 2017 में हुई नैशनल स्पर्धा में सूर्य ने 3 रजत पदक व 1 कांस्य पदक और जीना ने 1 रजत पदक व 4 कांस्य पदक हासिल किए थे। इसके अलावा हाल ही में फरवरी, 2018 में खेलो इंडिया गेम्स में जीना ने स्वर्ण पदक हासिल किया था। दोनों खिलाडिय़ों से अब उनके कोच वीरेंद्र बांशटू को जूनियर वर्ल्ड कप में उनके अच्छे प्रदर्शन की उम्मीद है। इसके अलावा रोहड़ू की जनता को भी दोनों से पदक की उम्मीद है। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Punjab Kesari

Recommended News

Related News