इंटक की बैठक में सुक्खू के खिलाफ पारित हुए ये 2 अहम प्रस्ताव, जानने के लिए पढ़ें खबर (Video)

Sunday, Jul 22, 2018 - 09:31 PM (IST)

ऊना (सुरेन्द्र): राष्ट्रीय मजदूर कांग्रेस (इंटक) हि.प्र. की 99वीं राज्य कार्यकारिणी की बैठक रविवार को ऊना मुख्यालय पर आयोजित हुई। बैठक में इंटक के प्रदेशाध्यक्ष बावा हरदीप सिंह ने विशेष रूप से शिरकत की। बैठक में कांग्रेस पार्टी के प्रदेशाध्यक्ष सुखविन्दर सिंह सुक्खू के खिलाफ 2 अहम प्रस्ताव पारित किए गए और बैठक में सभी ने एकमत से सहमति जताई। कांग्रेस पार्टी के अध्यक्ष सुखविन्दर सिंह सुक्खू द्वारा अपनी मर्जी से इंटक का कोई अन्य अध्यक्ष बनाकर इंटक की नई कार्यकारिणी के गठन पर हिमाचल प्रदेश के 2 लाख इंटक सदस्यों द्वारा कांग्रेस पार्टी के खिलाफ रोष पनप रहा है। इंटक ने मांग की है कि लीगल नोटिस की अवधि समाप्त हो चुकी है और अब उनके खिलाफ अदालत में मानहानि का मामला दायर किया जाना चाहिए।


राहुल गांधी से की सुक्खू को पद से हाटने की मांग
इसके अलावा इंटक ने राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी से सुखविन्दर सिंह सुक्खू को हि.प्र. कांग्रेस पार्टी के अध्यक्ष पद से हटाने की भी मांग की है, वहीं राष्ट्रीय इंटक अध्यक्ष डा. जी संजीवा रेडी को कांग्रेस की राष्ट्रीय कार्यकारिणी में विशेष आमंत्रित सदस्य बनाए जाने पर कांग्रेस पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी का आभार जताया। बैठक में हिमाचल प्रदेश में न्यूनतम मजदूरी 15 हजार रुपए किए जाने का प्रस्ताव भी रखा गया।


बैठक में की मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के कार्यों की सराहना
बैठक में मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के कार्यों की सराहना की गई। इंटक पदाधिकारियों ने मुख्यमंत्री द्वारा मनरेगा में कार्य दिवसों की अवधि को एक वर्ष में 100 दिन से बढ़ाकर 120 दिन किए जाने के निर्णय को सराहनीय कदम करार दिया है। बैठक में निर्णय लिया गया कि कर्मचारियों और मजदूरों की समस्याओं के बारे में इंटक से संबंधित सभी यूनियनों का एक संयुक्त मांग पत्र मुख्यमंत्री को सौंपा जाएगा। इस दौरान इंटक पदाधिकारियों ने प्रदेशाध्यक्ष बावा हरदीप सिंह को शाल व स्मृतिचिन्ह देकर सम्मानित किया।


राज्य कार्यकारिणी को भंग कर बनाई नई कार्यकारिणी
राष्ट्रीय मजदूर कांग्रेस (इंटक) हि.प्र. की 99वीं राज्य कार्यकारिणी की बैठक के दौरान हिमाचल बिल्डिंग कंस्ट्रक्शन एंड मनरेगा मजदूर यूनियन की राज्य कार्यकारिणी को भंग करके नई कार्यकारिणी का गठन किया गया। इंटक के प्रदेशाध्यक्ष बावा हरदीप सिंह की मौजूदगी में ऊना से जगतराम शर्मा को सर्वसम्मति से लगातार दूसरी बार प्रदेशाध्यक्ष की कमान सौंपी गई। इसी तरह पालमपुर से सीता राम सैनी को वरिष्ठ उपप्रधान, घुमारवीं से पूनम शर्मा, कांगड़ा से स्नेह लता, अर्की से हीरा लाल, पालमपुर से श्रोती देवी, पांवटा से रमजान मोहम्मद, सरकाघाट से चैत राम, बड़सर से दीपिका कुमारी, घुमारवीं से सरदार रूप सिंह व श्री नैना देवी से बुद्धि राम बैंस को उपप्रधान मनोनीत किया गया। बिलासपुर से रूप सिंह ठाकुर को महासचिव, झंडुता से चैन सिंह सुमन को वित्त सचिव, नाहन से सुभाष शर्मा को मुख्य सलाहकार, बिलासपुर से कमला ठाकुर, झंडुता से हरदेई व बैजनाथ से लता देवी को संगठन सचिव बनाया गया है। सरकाघाट से अमी चंद व श्री नैना देवी से कुलदीप कुमार को सचिव तथा घुमारवीं से वीना शर्मा को कार्यालय सचिव की जिम्मेदारी सौंपी गई है। इंटक महासचिव ठाकुर दास शर्मा ने उक्त चुने हुए पदाधिकारियों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई।

Vijay