नहीं थम रहा CTA व लोगों के बीच रास्ते का विवाद

Friday, Nov 30, 2018 - 11:56 AM (IST)

धर्मशाला : नगर निगम धर्मशाला के वार्ड नंबर 3 और 4 में रास्तों को लेकर सी.टी.ए. व स्थानीय लोगों का विवाद फिलहाल थम नहीं रहा है। नगर निगम द्वारा मामले में हस्तक्षेप के बावजूद भी मामला नहीं सुलझने पर एस.डी.एम. धर्मशाला धर्मेश रमौत्रा व ए.एस.पी. कांगड़ा दिनेश कुमार ने घटना स्थल का दौरा किया। स्थानीय निवासियों ने रैवन्यू रिकॉर्ड दिखाते हुए आरोप लगाए कि सी.टी.ए. पिछले कई वर्षों से इस गांव को अन्य गांवों व मुख्य सड़क तक जाने वाले लगभग आधा दर्जन आम रास्तों पर अपना अतिक्रमण करके इन्हें अपना निजी मार्ग बना चुके हैं, वहीं अब गांव को जाने वाले 1 या 2 मार्ग पर भी इसी तरह का अतिक्रमण लगातार किए जा रहा है जिससे गांव में रहने वाले लोगों को लगातार कई दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।

5 मंजिला भवन के निर्माण को लेकर नोटिस जारी

मौके पर मौजूद सी.टी.ए. अधिकारी कोई भी वैध कागजात दिखाने में असमर्थ रहे। फिलहाल एस.डी.एम. ने मौके पर सी.टी.ए. अधिकारी को इस तरह के कोई भी अतिक्रमण को रोकने को कहा और 1 या 2 दिन में वैध दस्तावेज दिखाने को भी कहा। गौरतलब है कि इसी के चलते नगर निगम द्वारा सी.टी.ए. को कॉमन लैंड पर बिना अनापत्ति प्रमाण पत्र के 5 मंजिला भवन के निर्माण को लेकर कारण बताओ नोटिस भी जारी किया था। इसके बावजूद उसी गांव को जाने वाले आजादी से पहले वाले रास्तों पर भी अतिक्रमण करना शुरू कर दिया है जिसे तोड़-मरोड़ कर अपना निजी रास्ते का निर्माण किया जा रहा है जिसका विरोध एक बार फिर स्थानीय निवासियों ने किया 
और इसकी शिकायत धर्मशाला के एस.डी.एम. से की थी।

kirti