मौसम फिर बदलेगा करवट, अब सताएगी गर्मी

Monday, May 18, 2020 - 12:17 PM (IST)

शिमला : वर्तमान समय में मौसम भी लगातार अपने रंग बदल रहा है। देश के कई हिस्सों में बारिश और तूफान का सामना जनता को करना पड़ रहा है। मई माह में होने वाली बारिश के कारण किसान भी परेशान हो रहे है। इस सबके बीच हिमाचल प्रदेश में भी मौसम का बदलता रंग देखने को मिल सकता है। अनुमान है कि 23 मई तक प्रदेश में मौसम साफ रहने वाला है। इसके कारण प्रदेश के कुछ मैदानी इलाकों में तापमान बढ़ सकता है। दूसरी ओर ऊंचाई और मध्यम ऊंचाई वाले हिस्सों में सोमवार से मौसम बदलेगा और यहां बारिश और तेज हवाएं चल सकती हैं। इससे पहले, रविवार को शिमला सहित प्रदेश के सभी इलाकों में मौसम साफ रहा। लाहौल के केलांग का सबसे कम न्यूनतम तापमान 3.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि सबसे अधिक अधिकतम तापमान ऊना में 37.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। प्रदेश में एक से डिग्री तक तापमान में बढ़ोत्तरी दर्ज की गई है। 

हिमाचल में 17 मई से 23 मई तक के मौसम का पूर्वानुमान जारी किया गया है। 17 और 18 मई को केवल मध्य पर्वतीय और पहाड़ी क्षेत्रों में बारिश के आसार हैं। वहीं, मैदानी इलाकों में मौसम साफ रहेगा। इसके अलावा, 19 से 23 मई तक पूरे प्रदेश में मौसम साफ रहेगा। हिमाचल प्रदेश के प्रमुख शहरों में शिमला का न्यूनतम तापमान 13.8 डिग्री, सुंदरनगर 15.7, भूंतर 13.6, कल्पा 7.1, धर्मशाला 15.2, ऊना 18.2, नाहन 22.5, केलांग 3.2, पालमपुर 15.2, सोलन 14.0, मनाली 8.4, कांगड़ा 17.6, मंडी 17.5, बिलासपुर 20.0, हमीरपुर 19.8, चंबा 15.1, डलहौजी 13.6 और कुफरी 10.78 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। श्िमला में अधिकतम तापमान 23.7 डिग्री, मंडी के सुंदरनगर में 33.5, भुंतर 31.0, कल्पा 21.7, धर्मशाला 26.2, ऊना 38.2, नाहन 32.3, सोलन 31.0, बिलसापुर 35.5, हमीरपुर 35.2, चंबा 32.1, डलहौजी 19.1 और केलांग 15.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
 

Edited By

prashant sharma