धूप खिलने से लोगों को मिली ठंड से राहत, 6 तक ऐसा रहेगा मौसम

Saturday, Feb 01, 2020 - 12:12 PM (IST)

शिमला : हिमाचल में हुई भारी बर्फबारी के बाद जनजीवन धीरे-धीरे पटरी पर लौटने लगा है। राजधानी शिमला सहित राज्य के अधिकतर इलाकों में शुक्रवार को धूप खिलने से लोगों ने राहत की सांस ली। इससे पर्वतीय इलाकों में बर्फ बारी से अवरुद्व सड़कों को खोलने के काम में तेजी आई है। शिमला के ऊपरी क्षेत्रों का 3 दिन बाद राज्य मुख्यालय से संपर्क बहाल हो पाया है। रोहड़ू-चौपाल और ठियोग समेत अप्पर शिमला के विभिन्न रूटों पर शुक्रवार को एच.आर.टी.सी. की बसें चलीं। लाहौल-स्पीति का मुख्यालय केलांग सबसे ठंडा रहा, जहां न्यूनतम तापमान 13 डिग्री सैल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के निदेशक मनमोहन सिंह ने बताया कि राज्य में 6 फरवरी तक मौसम साफ बना रहेगा। उच्च पर्वतीय इलाकों में 4 फरवरी को कुछ स्थानों पर वर्षा व बर्फबारी की संभावना है।

शिमला में बर्फबारी ने 8 साल व किन्नौर में 30 साल का रिकार्ड तोड़ा
पहाड़ों की रानी राजधानी शिमला में बर्फबारी नेे पिछले 8 साल और किन्नौर में 30 साल का रिकार्ड तोड़ दिया है। मौसम विभाग के अनुसार जनवरी महीने में शिमला में 7 बार बर्फबारी हुई है। इससे पहले वर्ष 2012 में शिमला में 95 सैंटीमीटर बर्फ गिरी थी। मौसम विभाग ने शुक्रवार को जनवरी महीने की बर्फ बारी के आंकड़े जारी कर कहा है कि जनवरी में शिमला में सर्वाधिक 109 सैंटीमीटर बर्फ वर्ष 1993 में गिरी थी। उधर, जनजातीय जिला किन्नौर में बर्फबारी ने बीते 3 दशकों का रिकार्ड तोड़ दिया है। किन्नौर के कल्पा में इस वर्ष जनवरी में 168 सैंटीमीटर हिमपात हुआ है। इससे पहले यहां वर्ष 1994 में 164 सैंटीमीटर हिमपात हुआ था।

 

 

kirti