सैहब सुपरवाइजरों को मिलेगा 2 महीने का पूरा वेतन

Friday, Mar 15, 2019 - 11:18 AM (IST)

शिमला (वंदना): राजधानी शिमला में सफाई व्यवस्था ठप्प नहीं होगी। सैहब सोसायटी ने अपनी लंबित मांगों को लेकर शुक्रवार से हड़ताल पर जाने की चेतावनी नगर निगम प्रशासन को दे रखी थी लेकिन वीरवार को निगम प्रशासन ने सैहब सोसायटी की मांगों को मान लिया है, ऐसे में सैहब कर्मचारियों ने अपनी हड़ताल फिलहाल टाल दी है। नगर निगम प्रशासन ने हड़ताल का अल्टीमेटम देने के बाद वीरवार को सैहब कर्मचारियों के साथ विशेष बैठक बुलाई थी, जिसमें कर्मचारियों की मांगों को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। निगम आयुक्त व संयुक्त आयुक्त के साथ हुई बैठक में प्रशासन ने सैहब सुपरवाइजरों को जनवरी व फरवरी का पूरा वेतन जारी करने का आश्वासन कर्मचारियों को दिया है। 

प्रशासन ने साफ किया है सुपरवाइजरों के वेतन में जो कटौती की गई है उसे जारी कर दिया जाएगा, साथ ही गारबेज कलैक्टरों को भी ओवरटाइम का मानदेय जारी कर दिया गया है। सैहब सोसायटी के अध्यक्ष जसवंत सिंह का कहना है कि बैठक में प्रशासन ने कर्मचारियों की मांगों को पूरा करने का आश्वासन दिया है, ऐसे में कर्मचारियों ने अपनी प्रस्तावित हड़ताल को टाल दिया है। कर्मचारी कल से नियमित रूप से काम करेंगे। बता दें कि सैहब सोसायटी ने नगर निगम प्रशासन को मांगें पूरी करने के लिए वीरवार तक का अल्टीमेटम दे रखा था, ऐसे में आनन-फानन में प्रशासन ने बैठक कर मामले को सुलझा दिया है। प्रशासन का कहना है कि सैहब कर्मचारियों का ई.पी.एफ. जो कि 2010 से 2013 तक है, इसका भुगतान 31 मार्च तक कर दिया जाएग। इसके अलावा सभी कर्मचारियों को वेतन हर महीने की 7 तारीख तक जारी कर दिया जाएगा।

अप्रैल से की जा रही बढ़े वेतन की मांग

सैहब सोसायटी यूनियन नगर निगम प्रशासन से अप्रैल माह से बढ़ा हुआ वेतन जारी करने की मांग कर रही है। यूनियन का कहना है कि नगर निगम प्रशासन सैहब कर्मचारियों को बहुत कम वेतन दे रहा है, ऐसे में अप्रैल से वेतन में 20 प्रतिशत की बढ़ौतरी की जानी चाहिए। यूनियन का कहना है कि नगर निगम ने हर साल वेतन में बढ़ौतरी का आश्वासन कर्मचारियों को दिया है, ऐसे में अप्रैल से सैहब कर्मचारियों को बढ़ा हुआ वेतन जारी किया जाना चाहिए।


 

Ekta