स्वास्थ्य मंत्री बोले-पूरी मेहनत व लगन के साथ निभाएं अपना फर्ज

Wednesday, Jul 26, 2017 - 09:05 PM (IST)

चम्बा: स्वास्थ्य मंत्री कौल सिंह ठाकुर ने बुधवार को पंडित जवाहर लाल नेहरू मैडीकल कालेज अस्पताल का निरीक्षण करने के साथ ही मैडीकल कालेज की फैकल्टी को भी संबोधित किया। उन्होंने कहा कि चम्बा का मैडीकल कालेज इसी सत्र से शुरू हो रहा है। इस मैडीकल कालेज में एम.बी.बी.एस. की 100 सीटें हैं, जिनमें से 71 सीटों की काऊंसलिंग प्रक्रिया पूरी हो चुकी है। उन्होंने मैडीकल कालेज की फैकल्टी से आह्वान करते हुए कहा कि वे पूरी लगन और निष्ठा के साथ कार्य करें ताकि चम्बा मैडीकल कालेज से उत्तीर्ण होने वाले एम.बी.बी.एस. डाक्टर भविष्य में लोगों की सेवा के लिए तैयार हों। 

प्रदेश का दूरवर्ती जिला है चम्बा
उन्होंने बताया कि चम्बा जिला प्रदेश का दूरवर्ती जिला है। यहां के लोगों को मैडीकल कालेज के माध्यम से बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मुहैया हों, इस दिशा में सरकार पूरी तरह से वचनबद्ध है। उन्होंने बाहरी राज्यों से फैकल्टी में शामिल डाक्टरों को कहा कि वे अपने आप को हिमाचली समझें और किसी भी दिक्कत को सीधे प्रिंसीपल के ध्यान में लाएं। इस मौके पर विधानसभा सदस्य आशा कुमारी, डी.सी. चम्बा सुदेश मोख्टा, जिला कांग्रेस अध्यक्ष सुरेंद्र भारद्वाज, प्रिंसीपल पंडित जवाहर लाल नेहरू मैडीकल कालेज अनिल ओहरी, सी.एम.ओ. चम्बा डा. विनोद शर्मा और पुलिस अधीक्षक वीरेंद्र तोमर सहित अन्य मौजूद रहे।