Chamba: सिंचाई कूहल का काम न करने पर ठेकेदार को अढ़ाई लाख रुपए जुर्माना
punjabkesari.in Monday, Feb 17, 2025 - 07:47 PM (IST)

चम्बा (रणवीर): जायका परियोजना के तहत सिंचाई कार्य शुरू करने में कथित लापरवाही बरतने पर परियाेजना प्रबंधन ने ठेकेदार को जुर्माना किया है। परियोजना के तहत चम्बा शहर के साथ लगते डूला में सिंचाई कार्य के लिए कूहल का कार्य शुरू करवाने के लिए करीब 13 लाख रुपए के बजट का प्रावधान किया गया था। इसके तहत टैंडर करके कार्य करने के लिए एक ठेकेदार को कार्य दिया गया था लेकिन ठेकेदार ने परियोजना द्वारा निर्धारित किए गए कार्य को शुरू नहीं किया। इसके कारण क्षेत्र के लोगों को कोई लाभ नहीं मिल पाया।
विभागीय अधिकारियों ने इस बारे ठेकेदार को कार्य के करीब 20 प्रतिशत के हिसाब से अढ़ाई लाख रुपए का जुर्माना किया है। इसके साथ अब कार्य को दोबारा से अवार्ड करके नए ठेकेदार को कार्य आबंटित किया जाएगा। उक्त कूहल के कार्य से करीब 8.78 हैक्टेयर भूमि को कवर किया जाना था। वहीं आने वाले समय में ठेकेदार की कार्यप्रणाली के चलते आगामी कार्रवाई भी की जा सकती है।
गौरतलब है कि जायका परियोजना के तहत चम्बा जिले के पहाड़ी क्षेत्रों में भी सिंचाई सुविधा उपलब्ध करवाने का कार्य किया जा रहा है। कूहल से क्षेत्र के नाले से पानी को सिंचाई के लिए खेतों तक पहुंचाया जाएगा ताकि लोगों को लाभ मिल सके। जायका परियोजनाओं के तहत जिले में 16 साइटों का चयन कर कार्य किया जा रहा है। इससे खासकर सिंचाई के क्षेत्र में कार्य किया जाएगा जिससे किसानों को लाभ मिलेगा।
चम्बा जिला पहाड़ी क्षेत्र है जहां सिंचाई के साधन बहुत कम हैं जिससे किसान बारिश पर ही निर्भर रहते हैं। ऐसे में अधिक से अधिक किसानों काे सिंचाई सुविधा मुहैया करवाने का कार्य जायका द्वारा किया जा रहा है। बता दें कि जिले में 271 हैक्टेयर भूमि में प्रोजैक्ट के तहत कार्य किया जा रहा है जिसमें भटियात के साढ़े 6 हैक्टेयर में कार्य पूरा कर लिया गया है।
सिंचाई के अलावा जायका परियोजना के तहत कई ऐसी योजनाएं हैं जिनसे कृषि विभाग के साथ मिलकर धरातल पर लागू किया जाएगा। परियोजना के तहत किसानों की भूमि में सिंचाई के लिए पंप हाऊस, पानी वितरण टैंक, भूमिगत वाहन प्रणाली, बाड़बंदी, सोलर बाड़बंदी, कृषि मशीनरी और उपकरण उपलब्ध करवाए जाने की भी योजनाएं हैं।
भानू प्रताप सिंह, प्रबंधक जायका खंड परियोजना प्रबंध इकाई चम्बा ने कहा कि डूला में करीब 13 लाख रुपए से 8.78 हैक्टेयर भूमि के लिए सिंचाई सुविधा का कार्य ठेकेदार को आबंटित किया गया था। ठेकेदार ने कार्य शुरू नहीं किया जिसके बाद ठेकेदार को करीब अढ़ाई लाख रुपए जुर्माना किया गया है। अब दोबारा से टैंडर अवार्ड किए जाएंगे जिसके बाद कार्य शुरू किया जाएगा।