देवभूमि में 26 जनवरी की रात रही सबसे सर्द, लोग कांपने को हुए मजबूर

Sunday, Jan 27, 2019 - 01:28 PM (IST)

शिमला (योगराज): 26 जनवरी की रात देवभूमि में सबसे ठंडी रात रही। जहां तक की लोग कांपने को मजबूर हो गए। दिन-रात लोग आग जलाकर ठंड से छुटकारा पा रहे हैं। वहीं प्रदेशवासियों को फिलहाल अगले दो-तीन कड़ाके की ठंड से निजात नहीं मिलने वाली है। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के निदेशक मनमोहन सिंह ने बताया है कि पिछले दिनों हुई बर्फबारी के बाद प्रदेश केे तापमान में भारी गिरावट दर्ज की जा रही है जिस वजह से लोगों को भारी ठंड का प्रकोप झेलना पड़ रहा है। लाहौल स्पीति केलांग में शनिवार रात माइनस 17 डिग्री तापमान दर्ज किया गया जो कि अब तक का सबसे कम तापमान आंका गया है।


प्रदेश में एक बार फिर से हल्की बर्फबारी और बारिश होने की संभावना जताई जा रही है। 31 जनवरी के बाद प्रदेश में मौसम साफ रहने का अनुमान लगाया गया है। वहीं शिमला में भी शनिवार को सीजन की सबसे ठंडी रात रही। शनिवार रात का पारा माइनस 0.2 डिग्री दर्ज किया गया जो कि इस साल का सबसे कम है। इसी तरह प्रदेश के अन्य जगहों में भी तापमान में 3 से 4 डिग्री तक की गिरावट दर्ज की गई है। किन्नौर जिले के कल्पा में -5.2 , मनाली में -5.0, शिमला के कुफरी में -4.2 ,भुंतर मेंं 0.0 , डलहौजी में -1.5 ,धर्मशाला में 0.6, सोलन मेंं 0.0, पालमपुर में 0.5 और ऊना में 3.2 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया।

Ekta