शिमला में पेड़ पर लटकी मिली महिला की लाश, ससुराल वालों पर हत्या का आरोप

Monday, May 06, 2019 - 01:41 PM (IST)

शिमला (योगराज): राजधानी शिमला के साथ लगते घनाहटी के देवनगर गांव में एक विवाहिता का शव संदिग्ध परिस्थितियों में पेड़ से झूलता हुआ मिला। मृतिका के पिता ने ससुराल वालों पर हत्या का आरोप लगाया है। बताया जा रहा है रविवार शाम को महिला के पिता कुलदीप को किसी ने सूचना दी कि उसकी बेटी उमा उम्र 26 साल ने फंदा लगा लिया है। कुलदीप जब देवनगर पहुंचा तो उसकी बेटी का शरीर एक छोटे पेड़ पर लटका हुआ था। कुलदीप को शक हुआ कि इस छोटे से पेड़ पर उसकी बेटी कैसे फंदा लगा सकती है। 

मृतिका के पिता कुलदीप ने बताया कि उसकी बेटी के ससुराल वाले उसे आए दिन तंग करते थे।रविवार शाम 4 बजे उसे एक गाड़ी वाले से पता लगा कि उसकी बेटी की मौत हो गई है। कुलदीप ने जब अपने दामाद को फोन पर पूछा तो उसने कहा है उसने पेड़ पर फंदा लगा लिया है। लेकिन जब पिता मोके पर गया तो उसे शक हुआ कि उसकी बेटी ने आत्महत्या नहीं बल्कि उसकी हत्या हुई है, क्योंकि उसकी बेटी के गले में कट का निशान है जो फांसी के फंदे का नहीं लगता था।उन्होंने घटना की शिकायत बालूगंज थाना में की है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
 

Ekta