IGMC में सिक्योरिटी का नए सिरे से होगा टैंडर, विशेष सचिव स्वास्थ्य ने जारी किए निर्देश

Tuesday, Oct 01, 2019 - 10:23 AM (IST)

शिमला (जस्टा) : आई.जी.एम.सी. में सिक्योरिटी का टैंडर शीघ्र ही नए सिरे से भरा जाएगा। विशेष सचिव स्वास्थ्य निपुण जिंदल ने प्रशासन को टैंडर नए सिरे से करने के निर्देश दिए हैं। जब तक टैंडर प्रक्रिया पूरी नहीं होती है, तब तक रेनबो कंपनी के पास यह टैंडर रहेगा।बताया जा रहा है कि रेनबो कंपनी के टैंडर की अवधि समाप्त हो रही है। फिलहाल सरकार ने इस कंपनी को एक्सटैंशन देने से मना कर दिया है। ऐसे में आई.जी.एम.सी. प्रशासन नए सिरे से टैंडर प्रक्रिया करने की तैयारियों में जुट गया है।

राजधानी के दोनों सरकारी अस्पतालों आई.जी.एम.सी. और के.एन.एच. में सिक्योरिटी के टैंडर अलग-अलग हो सकते हैं। आई.जी.एम.सी. में चल रहे विवाद को लेकर भी विभाग और प्रशासन शीघ्र ही टैंडर अलग-अलग करने का निर्णय ले सकते हैं। आई.जी.एम.सी. और के.एन.एच. में सिक्योरिटी का टैंडर एक ही कंपनी को दिया गया है। हाल ही में हुए सुरक्षा गार्डों के बीच विवाद को लेकर कई सवाल उठने शुरू हो गए हैं। इसको देखते हुए भी विभाग और प्रशासन हरकत में आया है। 

बीते दिनों आई.जी.एम.सी. में 2 महिला सुरक्षा कर्मियों की आपस में लड़ाई हुई थी, जिसमें एक महिला का साथ सीटू कार्यकत्र्ताओं ने दिया था, वहीं दूसरी महिला सुरक्षा गार्ड का साथ आई.जी.एम.सी. सुरक्षा गार्ड यूनियन ने दिया है। यह विवाद कम नहीं बल्कि बढ़ता ही जा रहा है। सुरक्षा गार्डों के बीच माहौल गर्म हुआ है। एक पक्ष का आरोप है कि जिन महिला सुरक्षा गार्डों ने सीटू का समर्थन किया है, उन्हें के.एन.एच. में शिफ्ट करने की मांग की गई है।

 वहीं दूसरे पक्ष का कहना है कि अगर महिलाओं को के.एन.एच. भेजा गया तो आई.जी.एम.सी. में कुछ सुरक्षा कर्मियों को भी वहां से बदला जाए। प्रशासनिक अधिकारियों के बीच इन दिनों काफी चर्चा चली हुई है। ऐसे में सुरक्षा गार्डों का विवाद खत्म करने के लिए प्रशासन के.एन.एच. और आई.जी.एम.सी. के सुरक्षा कर्मियों का अलग-अलग टैंडर करवा सकता है। आई.जी.एम.सी. और के.एन.एच. में सुरक्षा कर्मियों का टैंडर रेनबो कंपनी को दिया गया है। रेनबो कंपनी पर सीटू ने पहले ही आरोप लगाए हैं। अब देखना यह है कि क्या नए सिरे से हो रहे टैंडर में इसी कंपनी को सुरक्षा का जिम्मा दिया जाता है या फिर प्रशासन किसी अन्य कंपनी को जिम्मा सौंपेगा।

Edited By

Simpy Khanna