शिमला में गर्मी ने तोड़ा 5 साल का रिकॉर्ड, 30.2 डिग्री पहुंचा तापमान

Saturday, Jun 01, 2019 - 10:03 PM (IST)

शिमला: प्रदेश की राजधानी शिमला में गर्मी का पिछले 5 साल का रिकॉर्ड टूटा है। प्रदेश के अन्य जिलों सहित शिमला में भी इस बार भारी गर्मी पड़ रही है। शिमला का तापमान 30.2 डिग्री पहुंच गया है। इससे पहले वर्ष 2014 में शिमला में अधिकतम तापमान 30 डिग्री पहुंचा था, वहीं इस बार 30.2 डिग्री पहुंच गया है। इससे शांत व कम गर्मी पड़ने वाले ठंडे शिमला में भारी गर्मी पड़ रही है। शिमला में न्यूनतम तापमान में बढ़ौतरी होने के चलते शाम को लोगों को भारी गर्मी का एहसास हो रहा है। शिमला में न्यूनतम तापमान 20.7 पहुंच गया है। इससे पहले न्यूनतम तापमान में अधिक बढ़ौतरी नहीं हुई थी। गर्मी ने शिमला के स्थानीय लोगों की नींद भी उड़ा दी है। वहीं प्रदेश के 4 जिलों में आसमान से आग बरस रही है। इन जिलों का तापमान 40 व 41 डिग्री तक पहुंच गया हैै, ऐसे में लोग घरों में दुबकने और कर्मचारी कार्यालयों में ही दुबकने को मजबूर हो गए हैं।

बिलासपुर में तापमान 42.5 डिग्री

बात करें बिलासपुर की तो यहां तापमान 42.5 डिग्री, हमीरपुर में 41.3, सुंदरनगर व मंडी में 40.5 डिग्री पहुंच गया है। इन जिलों में गर्मी के कारण स्कूली बच्चों का आना-जाना मुश्किल हो गया है। मौसम विभाग का कहना है कि गर्मी का मौसम चल रहा है लेकिन पहाड़ों में गर्मी अधिक होने का कारण ग्लोबल वार्मिंग का होना भी है। इसी के चलते शिमला जैसे पहाड़ी क्षेत्रों में गर्मियों में तापमान में बढ़ौतरी हो रही है, जोकि इससे पहले नहीं होती थी।

3 से 5 जून तक मौसम खराब, यैलो अलर्ट जारी

मैदानी इलाकों में दहकती गर्मी व तपते पहाड़ों में जल्द ही लोगों को गर्मी से कुछ हद तक राहत मिलेगी। मौसम विभाग शिमला केंद्र ने 3 से 5 जून तक यैलो अलर्ट जारी किया है। इसके तहत 3 जून को मैदानी क्षेत्रों में 30 से 40 प्रति घंटा की रफ्तार से हवाएं चलेंगी, वहीं 1-2 स्थानों पर बारिश होगी। हालांकि पर्वतीय क्षेत्रों में ये संभावनाएं नहीं हैं। इसके बाद 4 व 5 जून को प्रदेशभर में मौसम खराब रहेगा और प्रदेश के मैदानी, मध्यम व उच्च पर्वतीय क्षेत्रों में बारिश होगी।

ऊना में 45 डिग्री के आंकड़े को छूने लगा तापमान

प्रदेश में गर्मी अपने खूब तेवर दिखा रही है। ऊना में तापमान 45 डिग्री तक पहुंचने वाला है। शनिवार को अधिकतम तापमान 44.7 तक पहुंच गया, वहीं सुंदरनगर में 40.5, हमीरपुर 41.3, बिलासपुर 42.5, कांगड़ा 39.9, भुतंर 37.8, कल्पा 24.6, धर्मशाला 32.4, नाहन 38.1, केलांग 22.7, सोलन 36.5, चम्बा 38.3 तथा डल्हौजी में 22.8 डिग्री सैल्सियस दर्ज किया गया।

3 जून से  तापमान में आएगी हल्की गिरावट

मौसम विभाग शिमला निदेशक मनमोहन शर्मा ने बताया कि हिमाचल की राजधानी शिमला में गर्मी ने पिछले 5 सालों का रिकॉर्ड तोड़ दिया है। शिमला में वर्ष 2014 में 30 डिग्री तापमान पहुंचा था लेकिन इस बार .2 अधिक होते हुए 30.2 पहुंच गया है। ऊना, हमीरपुर, बिलासपुर व मंडी में भी तापमान 40 से 45 डिग्री चल रहा है लेकिन 3 जून से मौसम के खराब रहने की संभावना है, ऐसे में तापमान में हल्की गिरावट आएगी, जिससे कुछ हद तक  लोगों को राहत मिलेगी।

 

Vijay